Maharajganj News: शिक्षक को हटाने पर भड़के छात्र, प्रिंसिपल की गाड़ी और ऑफिस में तोड़फोड़
Maharajganj News: महराजगंज की सिसवा नगरपालिका में स्थित चोखराज तुलस्यान सरस्वती विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज में गुरुवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। स्कूल मैनेजमेंट द्वारा भौतिक विज्ञान के एक लोकप्रिय शिक्षक, नंदन सिंह, को नौकरी से निकालने की घोषणा के बाद छात्र भड़क गए। इस खबर के बाद, छात्रों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की।
प्रार्थना सभा के बाद शुरू हुआ हंगामा
यह घटना सुबह प्रार्थना सभा के समय शुरू हुई, जब मैनेजमेंट ने शिक्षक नंदन सिंह को हटाने की जानकारी दी। यह सुनते ही छात्र कक्षाओं से बाहर आ गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने सबसे पहले स्कूल बस को निशाना बनाया, जिसमें तोड़फोड़ की। इसके बाद, आक्रोशित छात्र प्रिंसिपल शिवाजी सिंह के ऑफिस में घुस गए और वहां रखा सारा सामान तोड़ दिया। यहीं नहीं, छात्रों ने प्रिंसिपल की कार को भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। छात्रों ने प्रिंसिपल की तानाशाही नहीं चलेगी और प्रिंसिपल मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
छात्रों का कहना था कि नंदन सिंह एक बहुत अच्छे और लोकप्रिय शिक्षक हैं और उन्हें हटाकर स्कूल प्रबंधन उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार थाने के एसओ धर्मेंद्र सिंह और सिसवा चौकी प्रभारी उमाकांत सरोज भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे शांत होने को तैयार नहीं थे। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को काबू में किया।
प्रिंसिपल ने दी सफाई
इस मामले पर प्रिंसिपल शिवाजी सिंह ने बताया कि शिक्षक को हटाने का फैसला स्कूल के मैनेजमेंट ने लिया था। खबर लिखे जाने तक पुलिस और प्रिंसिपल, शिक्षक नंदन सिंह के साथ बैठकर मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहे थे। छात्रों के इस प्रदर्शन ने स्कूल प्रशासन और मैनेजमेंट के फैसलों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Also Read: एक्टिंग में डेब्यू करेंगे एल्विश यादव, भोपाल में शुरू हुई वेब सीरीज की शूटिंग

