Unnao News: बिना मान्यता के 12वीं तक पढ़ाई, नियमों को ठेंगा दिखाकर हो रहा स्कूल का संचालन

Unnao News: जनपद में बिना मान्यता अथवा सीमित मान्यता वाले विद्यालयों के संचालन को लेकर एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है। फतेहपुर चौरासी विकास खंड के गाजीखेड़ा निवासी श्याम यादव पुत्र कप्तान सिंह और टांडा सातन निवासी रामसजीवन पुत्र पुतान ने पुलिस को तहरीर देकर श्री ठाकुरी प्रसाद इंटर कालेज के प्रबंधक पर 12वीं बोर्ड परीक्षा का फार्म न भरने का आरोप लगाया है। छात्रों का कहना है कि विद्यालय ने परीक्षा आवेदन के नाम पर 2200 रुपये प्रति छात्र वसूले, लेकिन यूपी बोर्ड में उनका फार्म ही जमा नहीं किया गया, जिससे उनका एक वर्ष बर्बाद हो गया।

पुलिस को दी गई तहरीर में दोनों छात्रों ने बताया कि वे कक्षा 12 के नियमित छात्र हैं। विद्यालय प्रशासन ने बोर्ड परीक्षा फार्म भरवाने के लिए समय से शुल्क जमा कराया था। बीते मंगलवार जब वे विद्यालय में प्रवेश पत्र लेने पहुंचे तो उन्हें जानकारी मिली कि उनका बोर्ड फार्म भरा ही नहीं गया है। यह सुनते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। छात्रों ने तत्काल प्रधानाचार्य सुभाष पाल से मिलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया।

आरोप है कि फोन पर संपर्क करने का प्रयास करने पर प्रधानाचार्य ने उनके नंबर तक ब्लॉक कर दिए। इसके बाद छात्रों ने विद्यालय के प्रबंधक मोनी पाल से बात की। उनका आरोप है कि प्रबंधक ने स्पष्ट जवाब देने के बजाय अगले वर्ष परीक्षा देने की सलाह देकर मामला टालने की कोशिश की। छात्रों का कहना है कि उनकी मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। परिवारजन भी विद्यालय प्रशासन के रवैये से आक्रोशित हैं और इसे सीधी लापरवाही मान रहे हैं।

मामले का एक और गंभीर पक्ष यह है कि छात्रों ने आरोप लगाया है कि संबंधित विद्यालय की मान्यता केवल कक्षा 8 तक है, जबकि वहां 12वीं तक कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। यदि यह आरोप सत्य पाया जाता है, तो यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि ऐसे कई विद्यालय सीमित मान्यता के बावजूद उच्च कक्षाएं चलाकर छात्रों से मोटी फीस वसूल रहे हैं। यह जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की भूमिका पर भी सवाल खड़ा करता है कि आखिर बिना पूर्ण मान्यता के विद्यालय किस आधार पर उच्च कक्षाएं संचालित कर रहे हैं।

अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए और छात्रों के शैक्षणिक हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही से न केवल छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है, बल्कि व्यवस्था की साख भी दांव पर लगती है। अब देखना यह है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारों पर क्या कार्यवाही होती है। थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्र कुमार ने बताया कि दोनों छात्रों की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग से भी इस संबंध में रिपोर्ट मांगी जाएगी।

Also Read: Firozabad News: शौच के लिए निकले दोस्तों पर गिरा हाईटेंशन लाइन का तार, जलकर दोनों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.