Basti News: सुभासपा विधायक ने खोली घटिया सड़क निर्माण की पोल, अफसरों को दी चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सड़क निर्माण में भारी भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधायक दुधराम ने घटिया सड़क निर्माण की ऐसी पोल खोली कि देखने वाले दंग रह गए। पीडब्ल्यूडी ने एक ऐसी सड़क बनाई थी, जो विधायक के पैर रगड़ने भर से ही पूरी तरह उखड़ गई। इस घटना के बाद विधायक ने जिम्मेदार अफसरों को कड़ी चेतावनी दी है और कार्रवाई की मांग की है।

लाखों की सड़क, पैर रगड़ने से उखड़ी

यह मामला बस्ती की महादेवा विधानसभा क्षेत्र का है, जहां विकास कार्यों में हुए भ्रष्टाचार ने सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह सड़क बनकटी ब्लॉक में ग्राम महथा से देवकली तक बनाई जा रही थी। लाखों रुपये की लागत से बन रही इस महत्वपूर्ण सड़क की गुणवत्ता इतनी ख़राब थी कि इसकी हकीकत सामने लाने के लिए किसी विशेषज्ञ की नहीं, बल्कि सिर्फ पैर रगड़ने की ज़रूरत पड़ी।

विधायक दुधराम को जब इस सड़क निर्माण में अनियमितताओं की सूचना मिली, तो वे तुरंत मौके पर स्थलीय निरीक्षण करने पहुंच गए। सड़क की हालत देखकर विधायक भी हैरान रह गए। सड़क के नीचे कंक्रीट और डामर तो दूर, सिर्फ मिट्टी का ढेर था। सड़क निर्माण के लिए अनिवार्य माने जाने वाले डामर और गिट्टी का नामोनिशान तक नहीं था। विधायक ने जब पैर से सड़क को रगड़ा, तो वह आसानी से उखड़ने लगी। इस घटना का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

विधायक ने की उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग

विधायक दुधराम ने मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार प्रतिनिधियों को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने अफसरों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि इस घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

महादेवा विधानसभा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी की घटिया सड़कों का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। विधायक दुधराम ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और आरोपी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई है। उन्होंने यह भी कहा है कि वह इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाएंगे।

अधिकारियों ने दी सफाई, फिर से बनेगी सड़क

इस पूरे मामले को लेकर जब लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार यादव से बात की गई, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि मामला सामने आने पर संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई गई है। उन्होंने बताया कि जेई के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है और खराब सड़क को उखाड़ कर फिर से उसका निर्माण करवाया जाएगा।

Also Read: Lucknow News: ड्यूटी पर तैनात महिला सफाईकर्मी को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.