सहारा शहर अब नो-वोटर जोन, सीलिंग के चलते सुब्रत रॉय की पत्नी स्वप्ना रॉय समेत 19 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से कटेंगे
Lucknow News: सहारा शहर में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी खबर है। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के तहत, अब सहारा शहर के पते पर दर्ज मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे जाएंगे। इनमें सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय की पत्नी स्वप्ना रॉय और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी शामिल हैं। चूँकि नगर निगम द्वारा सहारा शहर की सीलिंग की जा चुकी है और वहाँ कोई नहीं रह रहा है, इसलिए इस पते से 19 लोगों के वोटरों के नाम हटना लगभग तय है।
फॉर्म चस्पा, कोई रिसीव करने वाला नहीं
वोटर वेरिफिकेशन प्रक्रिया के तहत, बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) राजेश ने इन 19 लोगों को अपने वोट वेरिफाई करने के लिए फॉर्म दिए हैं। बीएलओ राजेश दो बार मौके पर जा चुके हैं, लेकिन सीलिंग के कारण उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया और उस पते पर कोई रहने वाला नहीं मिला। निवास पर किसी के नहीं होने और फॉर्म रिसीविंग न होने के कारण फॉर्म बाहर ही चस्पा कर दिए गए हैं।
दावा न करने पर नाम कटेगा
बीएलओ राजेश ने बताया कि अगर फॉर्म भरने वाले लोग इसे भरकर जमा कर देते हैं, तो उनका नाम साइट पर डाल दिया जाएगा। इन लोगों को एक नोटिस भी दिया जाएगा कि वे इस पर अपना दावा करें, लेकिन अगर दावा नहीं होता है, तो नाम हटा दिया जाएगा। सहारा शहर की सीलिंग हो चुकी है और यहाँ कोई नहीं रहता है। ऐसे में उस पते से नाम कटना तय है।
जिन 19 लोगों के नामों का एसआईआर वेरिफिकेशन चल रहा है, उनमें स्वप्ना रॉय, सुशांतो रॉय, मौसमी रॉय, जयव्रत रॉय, सम्राट नियोगी, तृषा नियोगी सहित सहारा के मालिकों और अधिकारियों के नाम शामिल हैं। सीलिंग होने के बाद ये सभी मतदाता अपने नए पते पर अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज करा सकते हैं।

