सूडान के अर्धसैनिक बलों ने किंडरगार्टन पर किया ड्रोन हमला, 33 बच्चों समेत 50 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: सूडान में जारी गृह युद्ध ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) ने दक्षिण-मध्य सूडान के दक्षिण कोर्दोफान राज्य के कलोगी शहर में एक किंडरगार्टन (बच्चों के स्कूल) को ड्रोन हमले का निशाना बनाया है।
डॉक्टरों के एक समूह द्वारा शुक्रवार देर रात जारी बयान के अनुसार, गुरुवार को हुए इस भयावह हमले में 33 बच्चों सहित कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई है। डॉक्टरों ने यह भी बताया कि जब पैरामेडिकल टीम घटनास्थल पर मदद के लिए पहुँची, तो उन्हें भी दूसरे अप्रत्याशित हमले” का सामना करना पड़ा।
मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका
इस ड्रोन हमले के बाद इलाके में संचार व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है। इस वजह से मौतों का सटीक आंकड़ा अभी तक सामने नहीं आया है, लेकिन मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। यह हमला आरएसएफ और सूडानी सेना के बीच दो साल से अधिक समय से चल रहे क्रूर युद्ध का नया अध्याय है। अब यह लड़ाई तेल-संपन्न कोर्दोफान क्षेत्र में केंद्रित हो गई है।
बच्चों के अधिकारों के लिए काम करने वाले अंतरराष्ट्रीय संगठन यूनिसेफ (UNICEF) ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। यूनिसेफ के सूडान प्रतिनिधि शेल्डन येट ने शुक्रवार को कहा, स्कूल में बच्चों की हत्या करना बच्चों के अधिकारों का भयावह उल्लंघन है। बच्चों को कभी भी युद्ध की कीमत नहीं चुकानी चाहिए। येट ने सभी पक्षों से अपील की है कि वे तत्काल ऐसे हमले रोकें और जरूरतमंदों तक मानवीय सहायता पहुँचाने के लिए सुरक्षित और बाधा-मुक्त पहुँच प्रदान करें।
Also Read: इलाहाबाद हाईकोर्ट से पूर्व सांसद धनंजय सिंह को झटका, नदेसर शूटआउट के गैंगस्टर मामले में अपील खारिज

