सूडान में विस्थापितों की गाड़ी पर पैरामिलिट्री ग्रुप का हमला, 8 बच्चों समेत 24 लोगों की दर्दनाक मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: सूडान में जारी गृहयुद्ध के बीच शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। देश के ताकतवर पैरामिलिट्री ग्रुप रैपिड सपोर्ट फोर्सेस (RSF) ने मध्य सूडान में सुरक्षित ठिकानों की तलाश में जा रहे विस्थापित परिवारों के एक वाहन को निशाना बनाया। इस हमले में 24 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 8 मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क के मुताबिक, यह हमला उत्तर कोर्डोफान प्रांत के रहाद शहर के पास हुआ। ये लोग दुबेइकर इलाके में हो रही भीषण जंग से अपनी जान बचाकर भाग रहे थे। हमले का शिकार हुए बच्चों में दो तो दूधमुंहे शिशु थे। डॉक्टर्स ग्रुप ने इस घटना को मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वे नागरिकों की सुरक्षा के लिए आगे आएं और RSF के नेतृत्व को इस खूनखराबे के लिए सीधे तौर पर जवाबदेह ठहराएं।
सूडान में अप्रैल 2023 से ही हालात बेकाबू हैं। राजधानी खार्तूम समेत पूरे देश में सरकारी सेना और पैरामिलिट्री ग्रुप (RSF) के बीच सत्ता की जंग चल रही है। इस लड़ाई ने आम नागरिकों का जीना दूभर कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र का आंकड़ा कहता है कि अब तक 40,000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं, लेकिन जमीनी हालात बताते हैं कि असली संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है। इस युद्ध की वजह से करीब 1.4 करोड़ लोग बेघर हो चुके हैं। देश के कई हिस्सों में अकाल पड़ चुका है और बीमारियां तेजी से पांव पसार रही हैं।
Also Read: संभल सपा में ‘दोस्ती’ का अंत? सांसद के पिता ने ठोंकी ताल, बोले- 2027 में मैं लड़ूंगा चुनाव

