6.40 करोड़ की धोखाधड़ी में वांछित सुधीर केसरवानी ठाणे से गिरफ्तार, UP STF की बड़ी कार्रवाई

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को एक बड़ी सफलता मिली है। करीब 6.40 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी सुधीर केसरवानी को महाराष्ट्र के ठाणे जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई एसटीएफ प्रयागराज टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना जार्ज टाउन, कमिश्नरेट प्रयागराज में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है।

6.40 करोड़ की गबन, 75 लाख की आंशिक वापसी

पूछताछ में सुधीर ने बताया कि वह प्रयागराज स्थित संगम कंस्ट्रक्शन कंपनी में वर्ष 2016 से एजेंट (अभिकर्ता) के रूप में कार्यरत था। इस दौरान उसने अपने साथी नीरज जायसवाल के साथ मिलकर कंपनी के विश्वास को धोखा देते हुए फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से लगभग 6 करोड़ 40 लाख रुपये का गबन किया। इनमें से उसने 75 लाख रुपये कंपनी को वापस किए, लेकिन शेष राशि न लौटाने पर कंपनी के मालिक शैलेन्द्र सिंह ने उसके खिलाफ थाना जार्ज टाउन में मुकदमा दर्ज कराया।

धारा 409, 420, 467, 468, 471 भादवि में मामला दर्ज

मूल रूप से इस मामले में धारा 406 और 420 के तहत केस दर्ज हुआ था, लेकिन जांच के दौरान अतिरिक्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने इसमें धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात), 467/468 (जालसाजी), और 471 (फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल) जोड़ी। आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट (NBW) भी जारी था, जिसके बाद वह फरार हो गया था और ठाणे में छिपकर रह रहा था।

टीम को मिली सफलता

एसटीएफ की यह कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में की गई। टीम में उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी अभिषेक मिश्रा, अमित शर्मा, संतोष कुमार, कमांडो दिलीप यादव और चालक अखण्ड प्रताप पांडेय शामिल थे। आरोपी को ठाणे से गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत (JMFC-03, भिवंडी, ठाणे) में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे प्रयागराज लाया जाएगा।

 

Also Read: UP News: छात्रवृत्ति से वंचित 6 लाख छात्रों को मिलेगा लाभ, सीएम योगी ने दी मंजूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.