मुख्तार अंसारी गैंग का हिस्ट्रीशीटर सुधीर सिंह गिरफ्तार, 32 मुकदमों में था वांटेड
Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में आईएस-191 गिरोह (मुख्तार अंसारी गैंग) के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चिरैयाकोट पुलिस टीम ने शुक्रवार की भोर में घेराबंदी कर गैंग के सक्रिय सहयोगी और शातिर हिस्ट्रीशीटर सुधीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मऊ और बलिया जिलों में लूट, छिनैती, रंगदारी और धमकी देने जैसे गंभीर अपराधों के कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं। वह पिछले एक साल से पुलिस को चकमा देकर लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान थानाध्यक्ष चिरैयाकोट विजय प्रकाश मौर्य को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, अल्देमऊ (थाना चिरैयाकोट) निवासी सुधीर सिंह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के मकसद से अमिरहा पलिया मोड़ के पास खड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।
अवैध असलहा बरामद, खंगाला जा रहा आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तारी के वक्त पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक तमंचा, जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य ने बताया कि आरोपी लंबे समय से कानून की गिरफ्त से बाहर था। मऊ के अलावा बलिया जिले की पुलिस से भी उसके आपराधिक इतिहास और दर्ज मुकदमों का ब्योरा साझा किया जा रहा है।
नेटवर्क और मददगारों पर भी कसेगा शिकंजा
पुलिस प्रशासन अब सुधीर सिंह के पास से मिले मोबाइल और अन्य सामानों की फॉरेंसिक जांच करा रहा है। साथ ही, पिछले एक साल के दौरान उसे शरण देने वाले सहयोगियों, उसके नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि गैंग के बाकी मददगारों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Also Read: अखिलेश यादव को पोस्टरों के जरिए निमंत्रण, मथुरा कृष्ण जन्मभूमि धर्म संसद में शामिल होने की अपील

