रोजगार की कमी से ऑनलाइन गेमिंग का शिकार हो रहा युवा, अजय राय ने सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

Lucknow News: हाल ही में मोहनलालगंज के धनुवासाड़ गांव में ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने के बाद आत्महत्या करने वाले युवक यश यादव के घर आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पहुंचे। उन्होंने यश के परिवार से मिलकर संवेदना जताई और इस मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा।

पत्रकारों से बात करते हुए अजय राय ने कहा कि रोजगार की कमी और जल्दी पैसा कमाने की चाहत में आज का युवा ऑनलाइन गेमिंग के जाल में फंस रहा है। उन्होंने कहा लगातार गेम खेलने के कारण युवाओं का ध्यान पढ़ाई से हट रहा है। अधिक पैसे हारने के बाद वे तनाव और डिप्रेशन का शिकार हो रहे हैं, जिसका नतीजा आत्महत्या जैसी दुखद घटनाओं के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने लखनऊ के गोमती नगर में भी एक युवक सिद्धार्थ प्रताप सिंह की इसी वजह से हुई मौत का जिक्र किया।

सरकार पर लगाया आरोप

अजय राय ने ऑनलाइन गेमिंग पर सरकार की ढीली नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो कोई स्पष्ट नियम बना रही है और न ही इस पर कोई सख्त कानून ला रही है, क्योंकि सत्ताधारी पार्टी और उससे जुड़े लोग ही इस व्यापार में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसकी वजह से जुआ और सट्टेबाजी जैसी गलत आदतें युवाओं में बढ़ रही हैं, जो उनके भविष्य के लिए एक बड़ा खतरा है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए तुरंत ऑनलाइन गेम पर प्रतिबंध लगाया जाए। इस दौरान उनके साथ लखनऊ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बबलू समेत कई अन्य नेता भी मौजूद थे।

 

Also Read: Bareilly News: कलेक्ट्रेट कार्यालय का DM ने किया औचक निरीक्षण, साफ-सफाई और फाइलों के रख-रखाव पर जोर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.