सुकमा के जंगलों में मुठभेड़ जारी, महिला माओवादी समेत 3 नक्सली ढेर

Sandesh Wahak Digital Desk: छत्तीसगढ़ के सुकमा ज़िले से सुरक्षाबलों की बहादुरी की एक बड़ी खबर आ रही है। गोलापल्ली के घने जंगलों में डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड (DRG) के जवानों और नक्सलियों के बीच सुबह से ही जबरदस्त मुठभेड़ चल रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जवानों ने एक महिला माओवादी सहित तीन नक्सलियों को मार गिराया है।

इलाके में अभी भी रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है और माना जा रहा है कि कई अन्य नक्सली भी घायल हुए हैं। पुलिस को खुफिया सूत्रों से गोलापल्ली इलाके में नक्सलियों की एक बड़ी टुकड़ी के छिपे होने की ठोस जानकारी मिली थी। जानकारी मिलते ही DRG जवानों की टीम ने जंगल की घेराबंदी शुरू की।

गुरुवार की सुबह जैसे ही जवान नक्सलियों के करीब पहुंचे, माओवादियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और मुंहतोड़ जवाब दिया, जिसमें तीन नक्सली मौके पर ही ढेर हो गए। इस साल छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान बेहद आक्रामक रहा है। इस साल अब तक कुल 284 नक्सली मारे जा चुके हैं।

गौरतलब है कि इसी महीने 3 दिसंबर को दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर भी एक भीषण मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान सुरक्षाबलों ने सीनियर माओवादी नेता वेल्ला मोदियम सहित 12 नक्सलियों को मार गिराया था। हालांकि, उस ऑपरेशन में हमारे तीन जांबाज DRG जवान भी शहीद हुए थे।

Also Read: उत्तर भारत में कोहरे का कहर, दिल्ली-जयपुर समेत कई शहरों में उड़ानों की रफ्तार थमी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.