‘शासन-प्रशासन मेरा है’… सुल्तानपुर में BJP महिला कोषाध्यक्ष ने दरोगा के सामने युवक को जड़ा थप्पड़

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में खुद को भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष बताने वाली पूजा कसौधन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह पुलिस चौकी के अंदर एक युवक को थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर कहा, “शासन-प्रशासन मेरा है, तुम मर जाओगे, कोई पूछने वाला नहीं मिलेगा।” बताया जा रहा है कि यह वीडियो बुधवार शाम का है।

युवक ने लगाए मारपीट और धमकी देने के आरोप

आदर्शनगर, पल्टू का पुरवा घोसियाना निवासी अरुण कोरी ने बताया कि वह शहर के मुरारीदास की गली स्थित हर्षित बरनवाल की फर्म में काम करते हैं। उनके मुताबिक, शाहगंज चौराहे पर पूजा कसौधन और उनके बेटे रौनक कसौधन ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। जान बचाने के लिए वह शाहगंज चौकी पहुंच गए, लेकिन आरोप है कि दोनों वहां भी पहुंच गए।

अरुण ने चौकी इंचार्ज अविनाश चंद्र से शिकायत की। इसी दौरान पूजा कसौधन ने दरोगा के सामने ही युवक को थप्पड़ मार दिए। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो के आधार पर FIR दर्ज, जांच जारी

मामले पर सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो और पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.