Sultanpur News: संभल विवाद पर बोले प्रभारी मंत्री: सपा-बसपा-कांग्रेस की देन है ये विवाद
Sultanpur News: जिले के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने संभल में हुए हालिया विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि संभल का यह विवाद इन तीनों पार्टियों की ही देन है।
लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में मीडिया से बात करते हुए राजभर ने आरोप लगाया कि जब इन पार्टियों की सरकारें थीं, तब वे दंगे करवाते थे और लोगों को पलायन करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साढ़े आठ साल के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ है।
विपक्षी दलों पर जमकर बरसे राजभर
राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने बिहार में कांग्रेस की यात्रा पर भी हमला बोला और प्रधानमंत्री और उनकी माँ के खिलाफ दिए गए बयानों की कड़ी निंदा की। उन्होंने अखिलेश यादव पर भी तंज कसते हुए कहा कि वही अखिलेश यादव मध्य प्रदेश चुनाव में कांग्रेस को भाजपा की ‘बी टीम’ बता रहे थे और अब बिहार में उन्हीं के साथ चुनावी रैली कर रहे हैं।
वोट चोरी के आरोपों पर बोलते हुए राजभर ने विपक्ष पर ही पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग आज वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं, उन्होंने ही सबसे पहले सरदार वल्लभ भाई पटेल को प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया और 1952 में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर को भी हराया। उन्होंने रामपुर के चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली से फोन आने के बाद हारे हुए पार्टी प्रत्याशी को जबरन जिताया गया।
विपक्षी पार्टियों के वोट सबसे कम थे
उन्होंने कहा, “ये लोग वोट चोरी खुद करते हैं और आरोप दूसरों पर लगाते हैं।” राजभर ने वाराणसी में हुए एक चुनाव का भी जिक्र किया, जहां कथित तौर पर मतदाताओं की मतपेटिका नदी में फेंक दी गई थी। उनका कहना था कि जब मछुआरों ने उन्हें निकाला, तो उसमें विपक्षी पार्टियों के वोट सबसे कम थे।
सीएए और वक्फ बिल पर भी घेरा
उन्होंने विपक्षी दलों पर सीएए (CAA) और एनआरसी (NRC) को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने पूछा कि क्या किसी की नागरिकता चली गई? राजभर ने कहा कि विपक्ष वक्फ बिल पर भी खूब हंगामा कर चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष को पता है कि एनडीए की सरकार बनने जा रही है, इसीलिए वे पहले से ही वोट चोरी जैसे आरोप लगा रहे हैं।
Also Read: Varanasi News: वाराणसी एयरपोर्ट विस्तारीकरण में जमीन देने वालों को मिलेगा मुफ्त बिजली कनेक्शन

