Sultanpur News: वारंटी पकड़ने गए दो उप निरीक्षकों को पीटा, सर्विस रिवॉल्वर छीनकर आरोपी फरार
Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में गुरुवार को वारंटी को गिरफ्तार करने गए पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने न केवल दोनों उप निरीक्षकों को पीटा, बल्कि उनमें से एक की सर्विस रिवॉल्वर भी छीनकर फरार हो गए। मामला हलियापुर थाना क्षेत्र के लाला का पुरवा डोभियारा गांव का बताया जा रहा है।
परिजनों संग मिलकर की पिटाई
जानकारी के अनुसार, अयोध्या के कुमारगंज थाने के उप निरीक्षक अकील और भानु प्रताप सुबह जानलेवा हमले के प्रयास से जुड़े मामले में वारंटी दशरथ सिंह को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। दोनों सिविल ड्रेस में थे। जैसे ही उन्होंने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, आरोपी दशरथ सिंह और उसके परिवार के लोगों ने अचानक हमला बोल दिया।
हमलावरों ने एसआई अकील और उनके साथी भानु प्रताप को जमकर पीटा, जिससे दोनों घायल हो गए। हमले के दौरान एसआई अकील की सर्विस रिवॉल्वर भी छीन ली गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही हलियापुर समेत चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं इस बाबत पत्रकारों को जानकारी देते हुए, हलियापुर थानाध्यक्ष तरुण पटेल ने बताया कि एसआई अकील और भानु प्रताप ने हमलावरों के खिलाफ पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इस संबंध में केस दर्ज किया जा रहा है। जांच के दौरान दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कुमारगंज, इनायतनगर, हलियापुर और बल्दीराय थाने की पुलिस संयुक्त रूप से दबिश दे रही है।
Also Read: मऊ में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित बस ने ई-रिक्शा को रौंदा, 3 महिलाओं की मौत

