Sultanpur: 1 लाख के इनामी बदमाश सिराज अहमद की करोड़ों की संपत्ति कुर्क
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के सुल्तानपुर जिले में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 लाख के इनामी हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद की करोड़ों की संपत्ति कुर्क कर ली। न्यायालय के आदेश पर की गई इस कार्रवाई से इलाके के अन्य अपराधियों में हड़कंप मच गया है। कुर्की के दौरान की गई कार्रवाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
अधिवक्ता हत्याकांड में था मुख्य आरोपी
करीब डेढ़ साल पहले, 8 अगस्त 2023 की शाम को अधिवक्ता आजाद अहमद की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी सिराज अहमद था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए यूपी एसटीएफ भी लगातार प्रयास कर रही है।

गांव में मुनादी कर संपत्ति कुर्क
पूरा मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के लोलेपुर गांव का है, जहां सिराज अहमद का घर है। अपराधों में संलिप्तता को देखते हुए सिराज अहमद पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। बावजूद इसके, वह अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है।
सोमवार को प्रशासन ने न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर तहसीलदार की अगुवाई में सात थानों की पुलिस फोर्स के साथ गांव में मुनादी करवाई और सिराज की संपत्ति को जब्त कर लिया। इस कुर्की में उसकी करीब 4.66 करोड़ रुपये (पौने 5 करोड़) की संपत्ति, जिसमें कई लग्जरी गाड़ियां और जमीन-जायदाद शामिल हैं, सीज कर दी गई। पुलिस और एसटीएफ सिराज अहमद की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
Also Read: पूर्व विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, जमानत मंजूर

