Sunita Williams Landing: ऐतिहासिक लैंडिंग के साथ धरती पर लौटीं सुनीता विलियम्स, ISRO ने जताई खुशी

Sunita Williams Landing: भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने अंतरिक्ष में 9 महीने बिताने के बाद सफलतापूर्वक पृथ्वी पर वापसी की। ड्रैगन कैप्सूल ने समुद्र की सतह पर शानदार लैंडिंग की, जहां पहले से तैयार बचाव दल ने तुरंत अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया। इस ऐतिहासिक लैंडिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

लैंडिंग के रोमांचक पल

सुनीता विलियम्स और उनके तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री साथियों का कैप्सूल जब पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश कर रहा था, तो चार पैराशूट खुले और धीरे-धीरे उसे समुद्र की सतह की ओर ले गए। कैप्सूल के पानी में टचडाउन करते ही लहरों ने मानो अंतरिक्ष यात्रियों का स्वागत किया। कुछ ही देर में बचाव दल बोट के जरिए वहां पहुंचा और कैप्सूल को जहाज पर लाने की प्रक्रिया शुरू की।

जब कैप्सूल जहाज पर लाया गया और उसका दरवाजा खोला गया, तो सुनीता विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्ष यात्री अंदर मुस्कुराते नजर आए। उन्होंने कैमरों की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इसके बाद एक-एक कर सभी अंतरिक्ष यात्रियों को स्ट्रेचर के जरिए बाहर निकाला गया और उन्हें मेडिकल चेकअप के लिए व्हीलचेयर पर बैठाकर ले जाया गया।

अंतरिक्ष से लौटने के बाद स्वास्थ्य पर असर

सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर ने अंतरिक्ष में 9 महीने से अधिक समय बिताया। वहां शून्य गुरुत्वाकर्षण (Zero Gravity) के कारण उनकी हड्डियां और मांसपेशियां कमजोर हो गई हैं। नासा के अनुसार, पृथ्वी के वातावरण के अनुकूल होने और अपनी शारीरिक क्षमता वापस पाने में उन्हें करीब 45 दिन लग सकते हैं। इस दौरान डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें विशेष बैलेंस डाइट और एक्सरसाइज कराई जाएगी।

सुनीता विलियम्स का अंतरिक्ष मिशन

यह मिशन सुनीता विलियम्स के करियर का एक और बड़ा माइलस्टोन है। इससे पहले भी वह कई बार अंतरिक्ष यात्रा कर चुकी हैं और उनकी गिनती नासा के सबसे अनुभवी अंतरिक्ष यात्रियों में होती है। उनकी वापसी से भारतीय मूल के लोगों में भी खुशी की लहर है।

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.