यादव जी की लव स्टोरी पर नहीं लगेगी रोक, सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई से किया इनकार, 27 फरवरी को होगी रिलीज

Sandesh Wahak Digital Desk: फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी कानूनी लड़ाई अब खत्म हो गई है। सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म के टाइटल और इसकी रिलीज पर पाबंदी लगाने वाली याचिका पर सुनवाई करने से साफ इनकार कर दिया है। इस फैसले के बाद फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है और यह अपने तय समय यानी 27 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

जस्टिस बी वी नागरत्ना और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की बेंच ने याचिका को खारिज करते हुए कहा कि किसी फिल्म का नाम सिर्फ इसलिए असंवैधानिक या गलत नहीं हो जाता कि किसी खास समुदाय को उससे अपनी छवि खराब होने की आशंका है।

कोर्ट ने एक पुराने मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि ‘यादव जी की लव स्टोरी’ का मामला ‘घूसखोर पंडत’ जैसे विवादित शीर्षकों से बिल्कुल अलग है। कोर्ट के मुताबिक, इस टाइटल में ऐसा कुछ भी नहीं है जिससे यादव समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंचे।

क्यों हो रहा था फिल्म का विरोध

प्रगति तिवारी, विशाल मोहन और अंकित बढ़ाना स्टारर इस फिल्म के ट्रेलर को लेकर यूपी के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए थे। विरोध करने वालों का आरोप था कि फिल्म के टाइटल में ‘यादव’ शब्द का इस्तेमाल और कहानी में एक विशेष वर्ग के व्यक्ति के साथ यादव लड़की का प्रेम संबंध दिखाया जाना समाज की गरिमा के खिलाफ है। कई जगहों पर फिल्म के पोस्टर जलाए गए और सोशल मीडिया पर फिल्म को बैन करने की मुहिम चलाई गई।

मेकर्स और सेंसर बोर्ड का स्टैंड

फिल्म की लीड एक्ट्रेस प्रगति तिवारी ने पहले ही इस पर सफाई देते हुए कहा था कि फिल्म की कहानी में ऐसा कुछ भी नहीं है जो किसी की भावनाओं को आहत करे। फिल्म को सेंसर बोर्ड (CBFC) ने पहले ही हरी झंडी दे दी थी और अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने भी इस पर मुहर लगा दी है।

इस कानूनी जीत के बाद फिल्म की टीम ने राहत की सांस ली है। फिल्म अब परसों यानी 27 फरवरी को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। कोर्ट के इस फैसले ने साफ कर दिया है कि अभिव्यक्ति की आजादी और रचनात्मकता को सिर्फ आशंकाओं के आधार पर नहीं रोका जा सकता।

Also Read: सीएम योगी के जापान दौरे के पहले दिन करीब 11 हजार करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.