नेहा सिंह राठौर को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोक
Sandesh Wahak Digital Desk: अपने तीखे गानों और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। पहलगाम आतंकी हमले पर किए गए उनके एक कथित विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है।
यह मामला अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए उस दर्दनाक आतंकी हमले से जुड़ा है, जिसमें कई पर्यटकों की जान चली गई थी। हमले के बाद नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट साझा किए थे, जिनमें सरकार और प्रधानमंत्री की आलोचना की गई थी। लखनऊ के अभय प्रताप सिंह ने इन पोस्ट को आपत्तिजनक और राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुँचाने वाला बताते हुए हजरतगंज थाने में नेहा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
इससे पहले नेहा ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए गुहार लगाई थी, लेकिन दिसंबर 2025 में हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
सुप्रीम कोर्ट ने आज सुनवाई करते हुए नेहा की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी। अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार और शिकायतकर्ता को नोटिस जारी कर उनका पक्ष मांगा है। कोर्ट ने नेहा को सख्त निर्देश दिए हैं कि वह 19 जनवरी को पुलिस जांच में शामिल हों और पूछताछ में पूरा सहयोग करें। जस्टिस की बेंच ने स्पष्ट किया कि राहत तभी तक बरकरार रहेगी जब तक नेहा जांच में सहयोग करेंगी। यदि वह पुलिस पूछताछ से बचती हैं या निर्देशों का पालन नहीं करतीं, तो कोर्ट इसे गंभीरता से लेगा और अंतरिम राहत वापस ली जा सकती है।
Also Read: ठंड में राहत की ‘घूंट’: आंवला तहसील में नगर पालिका ने पिलाया गरमा-गरम काढ़ा और चाय

