Lucknow News: भारतीय सर्वेक्षण विभाग में विज्ञान दिवस की धूम, तकनीकी प्रदर्शनी और क्विज में बच्चों ने दिखाया दम
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित उत्तर प्रदेश भू-स्थानिक निदेशालय में आयोजित विज्ञान दिवस समारोह ने तकनीक और ज्ञान का अनूठा संगम पेश किया। इस अवसर पर विभाग ने अपनी कार्यप्रणाली और ऐतिहासिक महत्व से आम जनमानस और छात्रों को परिचित कराया।
समारोह के दौरान एक भव्य प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें सर्वेक्षण (Survey) के क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले जटिल और आधुनिक यंत्रों का प्रदर्शन किया गया। आगंतुकों ने थियोडोलाइट, जीपीएस (GPS), टोटल स्टेशन, फील्ड डेटा कैप्चरिंग डिवाइस और INSS जैसे उपकरणों को करीब से देखा। विशेषज्ञों ने यह भी समझाया कि कैसे इन यंत्रों की मदद से सटीक मानचित्र (Maps) तैयार किए जाते हैं।
भारत सरकार द्वारा इस वर्ष विज्ञान दिवस की थीम “विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को गति प्रदान करती हुई” रखी गई है। इसी के अनुरूप, प्रदर्शनी में अंतरिक्ष, चिकित्सा, वीरोलॉजी, एआई (AI) और भू-स्थानिक क्षेत्रों में देश का नाम रोशन करने वाली महिला वैज्ञानिकों के योगदान को प्रमुखता से दिखाया गया। आगंतुकों को बताया गया कि कैसे नारी शक्ति आज विज्ञान के हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही है।

क्विज़ प्रतियोगिता में बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए स्कूली बच्चों के बीच एक विज्ञान क्विज़ का आयोजन किया गया। इसमें गोमती नगर के गायत्री बाल विद्या मंदिर और प्रकाश बाल विद्या मंदिर के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी बुद्धिमानी से पुरस्कार जीते। साथ ही, एक वीडियो प्रदर्शनी के जरिए बच्चों को मानचित्र निर्माण की बारीकियां भी समझाई गईं।
Also Read: खामेनेई की मौत पर लखनऊ की सड़कों पर उतरे लोग, 3 दिन के शोक का ऐलान

