Fatehpur News: अवैध संबंध के शक में पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर खुद को मारी गोली

Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फ़तेहपुर जिले के गाज़ीपुर थाना क्षेत्र के लमेहटा गाँव से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक दम्पति ने सामूहिक रूप से आत्महत्या कर ली। पति ने पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या की और फिर खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। इस घटना से पूरे इलाक़े में सनसनी फैल गई है। इस दम्पति की तीन छोटी बेटियाँ हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है और वे अब अनाथ हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, मृतक मुकेश निषाद (28) दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में मज़दूरी करता था। वह दो हफ़्ते पहले ही घर आया था। पुलिस के मुताबिक, पति मुकेश को अपनी पत्नी गुड़िया (26) के पड़ोसी से अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते रविवार सुबह घर के अंदर दोनों के बीच ज़ोरदार कहा-सुनी और झगड़ा हुआ, जिसकी आवाज़ें पड़ोसियों ने सुनीं।

विवाद इतना बढ़ गया कि मुकेश निषाद ने तैश में आकर तमंचे से गुड़िया के सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद, मुकेश ने उसी तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब मृतक दम्पति की तीन मासूम बच्चियों ने माँ-बाप को खून से लथपथ देखा, तो वे चीख-पुकार करने लगीं। घरवाले दौड़े और दरवाजा खोलकर देखा, तो अंदर का दृश्य भयावह था। तीनों बच्चियाँ शवों के पास रोते हुए उन्हें उठाने की कोशिश कर रही थीं।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) सहित पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी फ़तेहपुर के अनुसार, शुरुआती जाँच में यह साफ़ है कि पति-पत्नी में झगड़े के बाद युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर खुद आत्महत्या कर ली। हालांकि, परिजनों का कहना है कि रात में कूलर चलने के कारण गोली चलने की आवाज़ सुनाई नहीं दी। एसपी ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की आगे की जाँच की जाएगी और कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: उन्नाव: मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया जागरूक, सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.