बीजेपी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर सस्पेंस बरकरार,PM मोदी रविवार को करेंगे हाई लेवल मीटिंग

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव समाप्त होने के साथ ही देश की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (BJP) में संगठनात्मक हलचलें तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें पार्टी के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन पर टिकी हैं, जिनका चुनाव प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को देश लौटने के बाद नई दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण हाई लेवल मीटिंग होने की संभावना है।

संगठनात्मक बदलाव और चुनाव की तैयारी

वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल पिछले साल समाप्त हो चुका है और उन्हें लोकसभा चुनावों के मद्देनजर विस्तार दिया गया था। रविवार की बैठक में न केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया जाएगा, बल्कि संगठनात्मक स्तर पर भी बड़े बदलावों पर विचार किया जा सकता है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पिछले साल से लंबित है। संगठनात्मक चुनाव 29 राज्यों में पूरे हो चुके हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश और कर्नाटक जैसे कुछ प्रमुख राज्यों में यह प्रक्रिया बाकी है। माना जा रहा है कि नए अध्यक्ष का चुनाव जनवरी 2026 तक पूरा हो सकता है, जिसमें 14 जनवरी (खरमास समाप्ति) के बाद का समय सबसे अधिक मुफीद माना जा रहा है।

बिहार में दिलीप जायसवाल के मंत्री बनने के बाद, वहाँ भी नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मंथन शुरू हो गया है।

अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार

राजनीतिक गलियारों में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए कई प्रमुख नामों पर अटकलें लगाई जा रही हैं।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम इस दौड़ में सबसे आगे है। उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और पार्टी की संगठनात्मक मशीनरी से मजबूत जुड़ाव उन्हें एक मजबूत दावेदार बनाता है।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी एक प्रबल दावेदार हैं। वह ओबीसी वर्ग से आते हैं और पार्टी के भीतर उनकी छवि एक मजबूत संगठनात्मक चेहरे के रूप में है।

इनके अलावा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नामों पर भी गंभीरता से विचार होने की संभावना है।

PM मोदी ने NDA को बताया ‘स्वाभाविक’ गठबंधन

राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव पर विचार से ठीक पहले, कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने बिहार चुनाव नतीजों पर कहा कि NDA गठबंधन ‘ऑर्गेनिक’ (स्वाभाविक) और स्थिर है, और यह गठबंधन चुनाव के बाद भी बना रहेगा।

अब सबकी निगाहें रविवार की महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हैं, जो बीजेपी के संगठनात्मक भविष्य की दिशा तय कर सकती है।

Also Read: कर्नाटक में सत्ता-संघर्ष का हल तलाशने की कोशिश: सीएम सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की मीटिंग आज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.