महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर सस्पेंस, तेजस्वी और राहुल के बीच आज दिल्ली में अहम मुलाकात
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। एक ओर जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीटों के बंटवारे का औपचारिक ऐलान होने की संभावना है, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन में अभी भी सीट शेयरिंग को लेकर गतिरोध बना हुआ है।
NDA में आज होगा फाइनल फैसला
NDA गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर लगभग सहमति बन चुकी है। आज दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की केंद्रीय चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसके बाद शाम 5 बजे बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक में उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट को मंजूरी दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों के बाद बीजेपी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। इस फैसले से पहले, शनिवार रात बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रभारी विनोद तावड़े के आवास पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत अन्य नेताओं की एक खास बैठक भी हुई थी।
महागठबंधन में तेजस्वी और राहुल की अहम मुलाकात
महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी भी खींचतान जारी है। इस गतिरोध को तोड़ने के लिए आज सुबह 10 बजे आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच दिल्ली में राहुल गांधी के आवास 10 राजाजी मार्ग पर एक विशेष मुलाकात होगी। दोनों नेताओं के बीच सीट शेयरिंग के फॉर्मूले को अंतिम रूप देने पर चर्चा होने की उम्मीद है।
इस बीच, इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के अध्यक्ष आईपी गुप्ता ने तेजस्वी यादव से मुलाकात के बाद महागठबंधन में शामिल होने का ऐलान किया है। हालांकि, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी (AIMIM) ने 16 जिलों की 32 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर महागठबंधन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

