आप के विधायकों का सस्पेंशन, दिल्ली विधानसभा में कैग रिपोर्ट पर सियासी तकरार जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली विधानसभा में पेश की जा रही कैग (कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल) रिपोर्ट ने सियासी बवाल मचा दिया है। विधानसभा सदन में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच जोरदार हंगामा हो रहा है। ‘आप’ के विधायक भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके चलते विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने 13 से ज्यादा ‘आप’ विधायकों को तीन दिनों के लिए निलंबित कर दिया था।

सोमवार को एक बार फिर दिल्ली विधानसभा में हंगामा होने की संभावना जताई जा रही है। दरअसल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार सोमवार को विधानसभा में हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर और मैनेजमेंट पर कैग की एक और महत्वपूर्ण रिपोर्ट पेश करने जा रही है। ट्रेजरी बेंच द्वारा जारी की गई कार्यसूची के अनुसार, कैग द्वारा तैयार की गई ‘दिल्ली सरकार से संबंधित पब्लिक हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर और हेल्थ सर्विस मैनेजमेंट’ रिपोर्ट पर सदन में चर्चा की जाएगी।

विधानसभा में उठाए जाएंगे कई मुद्दे

इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की अनुमति से नियम 280 के तहत अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए जा सकते हैं। सोमवार को जलभराव, सीवेज जाम, नालों की सफाई और पानी की कमी की समस्याओं पर भी चर्चा होगी। कार्यसूची के मुताबिक, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, सूर्य प्रकाश खत्री और राज कुमार भाटिया दिल्ली में पानी की कमी, सीवेज जाम, नालों की सफाई और जलभराव की समस्याओं पर चर्चा की शुरुआत करेंगे।

उल्लेखनीय है कि 25 फरवरी को दिल्ली विधानसभा में कैग रिपोर्ट पेश होने से पहले भी सदन में हंगामा हुआ था, जिसके कारण अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने ‘आप’ के कई विधायकों, जिनमें नेता प्रतिपक्ष आतिशी और गोपाल राय शामिल थे, को तीन दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया था।

नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर निलंबन को विपक्ष के साथ अन्याय करार दिया और उनसे “लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा” करने की अपील की थी। पत्र में उन्होंने कहा था कि “लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत इसकी समानता और निष्पक्षता है। लेकिन दिल्ली विधानसभा में हाल के घटनाक्रम ने न केवल विपक्ष के विधायकों के साथ अन्याय किया, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को भी चोट पहुंचाई है।”

Also Read: इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर पकड़ा गया 3,558 करोड़ रुपये घोटाले का मास्टमाइंड गिरफ्तार,…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.