फेमस रैपर जगरनॉट की संदिग्ध मौत, परिवार ने पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप !

Sandesh Wahak Digital Desk: उड़िया रैप इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकार और इंजीनियर अभिनव सिंह, जिन्हें उनके स्टेज नेम ‘जगरनॉट’ से पहचाना जाता था, अब इस दुनिया में नहीं रहे। 32 वर्षीय रैपर का शव बेंगलुरु के कडुबीसनहल्ली स्थित किराए के अपार्टमेंट में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं शुरुआती रिपोर्टों में इसे आत्महत्या बताया जा रहा है।

मां और परिवार के आरोपों से मचा हड़कंप

हालांकि, अभिनव सिंह की मां और परिजनों ने इस मौत पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि जगरनॉट की मौत किसी साजिश का नतीजा हो सकती है। अभिनव की मां ने उनकी पत्नी और अन्य लोगों पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है, जिससे वह काफी परेशान थे। परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

रैपर जगरनॉट के करियर और विवाद

अभिनव सिंह उड़िया रैप म्यूजिक इंडस्ट्री का बड़ा नाम थे। उनके गानों को युवाओं के बीच काफी पसंद किया जाता था। उन्होंने कई मशहूर रैपर्स के साथ काम किया था, जिनमें उड़िया कलाकार मसी टोर (तन्मय साहू) का नाम भी शामिल है। उनका गाना “कटक एंथम” काफी पॉपुलर हुआ था।

हालांकि, जगरनॉट हाल ही में कानूनी मामलों में उलझे हुए थे। उन पर मारपीट और कुछ अन्य मामलों को लेकर केस चल रहे थे, जिससे वह मानसिक तनाव में थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह इन विवादों के कारण गहरे अवसाद में थे और इसी कारण उन्होंने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

परिवार ने 8-10 लोगों के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

अभिनव सिंह के पिता बिजय नंदा सिंह का कहना है कि उनका बेटा अपनी पत्नी और कुछ अन्य लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों के चलते मानसिक रूप से परेशान था। परिवार ने लालबाग पुलिस स्टेशन में 8 से 10 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस जांच जारी

मराठाहल्ली पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के सही कारणों का खुलासा हो सके। जगरनॉट के शव को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए उनके गृहनगर ओडिशा भेज दिया गया है।

बता दे, रैपर की मौत ने उनके प्रशंसकों और उड़िया म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ा दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह वास्तव में आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी हुई है।

Also Read: 31 साल बाद फिर बड़े पर्दे पर साथ दिखेंगे सलमान-आमिर, री-रिलीज हो रही ‘अंदाज अपना अपना’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.