Hamirpur News: जेल में कैदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, 8 लोगों पर FIR

Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जेल में बंद एक कैदी की मौत ने सनसनी फैला दी है। परिजनों का आरोप है कि जेल प्रशासन ने विचाराधीन कैदी अनिल कुमार तिवारी को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई। मृतक के शरीर पर चोट के गहरे निशान भी मिले हैं। इस मामले में जेलर, डिप्टी जेलर, वार्डर और कुछ कैदियों समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ हत्या और जबरन वसूली का केस दर्ज किया गया है।

परिजनों को नहीं दिखाया गया शव

अनिल कुमार तिवारी की मौत बुधवार की रात हुई थी। परिजनों का कहना है कि रात में उसकी हालत बिगड़ी और वह लगातार पानी मांग रहा था। सुबह जब उसकी मौत की खबर परिजनों को मिली, तो वे जेल पहुंचे। लेकिन पुलिस ने उन्हें शव दिखाने से मना कर दिया। इससे गुस्साए परिजनों ने जेल के बाहर जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया।

बाद में, सदर विधायक मनोज प्रजापति ने बीच-बचाव कर जाम खुलवाया। जब परिजनों ने शव देखा, तो उस पर चोट के निशान देखकर वे भड़क गए और हत्या का आरोप लगाया। बाद में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसमें चोट लगने की पुष्टि हुई।

इन लोगों पर हुई FIR

अनिल कुमार की पत्नी पूजा द्विवेदी ने तहरीर देकर जेलर चंदीला, डिप्टी जेलर संगेश कुमार, जेल वार्डर अनिल यादव, नंबरदार दिलीप, नंबरदार शफी मुहम्मद, दीपक, और राइटर विनय सिंह समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इन सभी पर हत्या, गंभीर चोट पहुंचाने और जबरन वसूली की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। परिजन इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Also Read: ‘विकसित भारत@2047’ की झलक, बरेली में लगी खास प्रदर्शनी, पूर्व मंत्री ने किया उद्घाटन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.