महाराष्ट्र में पिकनिक मनाने गए छह युवकों की SUV 400 फीट गहरी खाई में गिरी, सभी की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के ताम्हिनि घाट इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। पुणे से पिकनिक मनाने गए छह युवकों की एसयूवी (SUV) अनियंत्रित होकर 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह दुखद दुर्घटना मंगलवार तड़के हुई, लेकिन इसकी सूचना पुलिस को गुरुवार की सुबह मिली।

सभी मृतक युवकों की उम्र 18 से 22 साल के बीच थी। वे सोमवार देर शाम पुणे से थार एसयूवी में सवार होकर पिकनिक के लिए निकले थे। मंगलवार सुबह जब परिजनों ने युवकों को फोन किया तो सभी के फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहे थे। संपर्क न होने पर घरवालों को चिंता हुई और उन्होंने पुलिस से संपर्क साधा। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में खोजबीन शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को सड़क के एक खतरनाक मोड़ पर टूटी हुई सुरक्षा रेलिंग दिखाई दी, जिससे उन्हें दुर्घटना का संदेह हुआ।

ड्रोन कैमरे से चला पता

पुलिस ने खाई की गहराई को देखते हुए तुरंत ड्रोन कैमरे की मदद ली। ड्रोन से ली गई तस्वीरों में दिखा कि एसयूवी रेलिंग तोड़कर गिर गई है और गहरी घाटी में एक पेड़ पर फंसी हुई थी। दृश्य देखते ही तुरंत राहत दल और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद पुलिस और स्थानीय लोग खाई में नीचे उतरे और एसयूवी तक पहुँचे। एसयूवी के पास उन्हें छह लोगों के शव मिले, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर ऊपर लाया गया। इसके बाद युवकों की पहचान की गई। पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि दुर्घटना कैसे हुई।

Also Read: विश्व मुक्केबाजी कप: मीनाक्षी हुड्डा और प्रीति पवार ने लहराया परचम, भारत को मिले दो स्वर्ण पदक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.