यौन उत्पीड़न के आरोपी स्वामी चैतन्यानंद आगरा से गिरफ्तार, छात्राओं से 16 साल तक शोषण का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, 17 छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपी स्वामी चैतन्यानंद को आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। चैतन्यानंद पर यह गंभीर आरोप है कि वह लगभग 16 सालों तक छात्राओं का यौन शोषण करता रहा। दिल्ली पुलिस ने रविवार को उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की।
पुलिस की शुरुआती जाँच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जाँच में पता चला है कि चैतन्यानंद रात के समय छात्राओं को अपने कमरे में बुलाता था और उनकी ग्रेड कम करने या फेल करने की धमकी देकर उनके साथ जबरदस्ती करता था।
यह मामला तब सामने आया जब अगस्त की शुरुआत में 17 छात्राओं ने दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संस्थान की तीन वार्डनों के बयान भी दर्ज किए हैं, जिन पर चैतन्यानंद की मदद करने और आपत्तिजनक संदेशों को डिलीट करने का आरोप है।
व्हाट्सऐप चैट से मिले शोषण के सबूत
पुलिस ने लगभग 50 छात्राओं के फोन से बरामद की गई वॉट्सऐप चैट की जाँच की है, जिससे 16 सालों तक चले यौन शोषण के सबूत मिले हैं। इन चैट में अश्लील संदेश और जबरन शारीरिक संपर्क की घटनाओं का ज़िक्र है।
इसके अलावा, सीसीटीवी फुटेज डिलीट करने के आरोप भी सामने आए हैं, जिसके बाद डीवीआर को फॉरेंसिक जाँच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, चैतन्यानंद पिछले दो दशकों से महिलाओं का शोषण कर रहा था और 2009 और 2016 में भी वह ऐसे मामलों से बच निकला था।
लग्जरी कार से मिली UN की फर्जी नंबर प्लेट
जाँच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। चैतन्यानंद की लाल रंग की लग्जरी वॉल्वो कार से कई फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई हैं, जिन पर संयुक्त राष्ट्र (UN) का फर्जी लोगो लगा हुआ था। पुलिस ने पुष्टि की है कि ये नंबर प्लेट यूएन द्वारा जारी नहीं की गई थीं और आरोपी ने खुद इन्हें बनवाया था। कार को जाँच के लिए जब्त कर लिया गया है।
Also Read: IND vs PAK Final: भारत-पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग इलेवन, जानें पिच रिपोर्ट और मैच प्रिडिक्शन

