Raebareli News: स्वागत के दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमला, समर्थकों ने युवक को पीटा

Raebareli News: बुधवार को उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ अपनी समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य पर एक युवक ने हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दिख रहा है कि एक युवक पहले स्वामी प्रसाद को माला पहनाता है और फिर अचानक पीछे से उन्हें थप्पड़ मार देता है।

इसके बाद, स्वामी प्रसाद के समर्थकों ने हमलावर युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

क्या हुआ था

स्वामी प्रसाद मौर्य रायबरेली के सिविल लाइन पहुँचे थे, जहाँ उनके स्वागत के लिए समर्थकों की भीड़ जमा थी। लोग उन्हें फूल-मालाएँ पहना रहे थे। इसी बीच, यह घटना घटी। हमला होते ही वहाँ अफरा-तफरी मच गई और स्वामी प्रसाद के सुरक्षा गार्ड्स ने तुरंत मोर्चा संभाला।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने क्या कहा

अपने ऊपर हुए हमले के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमला करने वाले लोग करणी सेना से जुड़े थे। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में हुए इस हमले को कानून-व्यवस्था की नाकामी बताया है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर गुंडाराज और कुछ विशेष वर्ग के लोगों को छूट देने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने बताया कि अभी तक हमलावरों की पहचान की पुष्टि नहीं हो पाई है और मामले की जाँच की जा रही है। यह घटना अब पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गई है।

Also Read: हिमाचल और उत्तराखंड पर टूटा कुदरत का कहर, बादल फटने से तबाही

Get real time updates directly on you device, subscribe now.