स्वामी प्रसाद मौर्य का विवादित बयान, कांवड़ियों को सत्ता संरक्षित गुंडे-माफिया बताया
Sandesh Wahak Digital Desk: अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने कांवड़ियों को लेकर एक बेहद विवादास्पद बयान दिया है, जिससे राज्य की सियासत में जबरदस्त हलचल मच गई है। मौर्य ने कांवड़ियों को सत्ता संरक्षण में पलने वाले गुंडे और माफिया तक कह डाला है।
भोला भाला आराध्य तो भक्त हिंसक कैसे
लखनऊ में अपनी जनता पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, ये कांवड़िए नहीं हैं, क्योंकि इनका आराध्य (भोलेनाथ) भोला-भाला है तो भक्त हिंसक कैसे हुए? उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग (कांवड़िए) सत्ता के संरक्षण में पलने वाले गुंडे और माफिया हैं जो पूरे प्रदेश में अराजकता फैला रहे हैं। मौर्य के मुताबिक, कांवड़िए के भेष में ये लोग कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
बीजेपी पर भी साधा निशाना
स्वामी प्रसाद मौर्य ने सिर्फ कांवड़ियों पर ही नहीं, बल्कि बीजेपी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से बीजेपी सरकार प्रदेश को अराजकता की आग में झोंक रही है, वह चिंताजनक है। मौर्य ने आरोप लगाया कि बीजेपी संरक्षण प्राप्त गुंडे, माफिया और अपराधियों को कानून से खिलवाड़ करने की पूरी छूट दी जा रही है। इसके साथ ही, उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी पार्टी का नारा भी दिया- “बीजेपी हटाओ, देश बचाओ।”
Also Read: भाजपा नेता श्यामलाल धाकड़ की धारदार हथियार से हत्या, अवैध संबंध के मामले में जांच कर रही पुलिस

