UP Politics: स्वामी प्रसाद मौर्य ने बनाया ‘लोक मोर्चा’, 2027 चुनाव में सरकार बनाने का दावा
Sandesh Wahak Digital Desk: अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को एक नए राजनीतिक गठबंधन का एलान किया। उन्होंने इस गठबंधन का नाम ‘लोक मोर्चा’ रखा है। उनका दावा है कि इसमें अब तक 10 छोटी-छोटी पार्टियां शामिल हो चुकी हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव तक यह एक बड़ा मोर्चा बनकर उभरेगा और सरकार बनाएगा।
‘यूपी सरकार हर मोर्चे पर विफल’
लखनऊ के प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वामी प्रसाद मौर्य ने यूपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। किसान और युवा सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने कहा, “सरकार नौकरियां दे नहीं रही है। जब युवा लखनऊ आकर अपनी बात रखना चाहते हैं, तो उन पर लाठियां चलाई जाती हैं।”
स्वामी प्रसाद मौर्य ने जीएसटी को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार जीएसटी में सुधार के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा, “यह ऐसा है जैसे किसी का घर जलाकर बाद में दो बाल्टी पानी डालकर वाहवाही लूटना। सरकार को यह भी बताना चाहिए कि जीएसटी के नाम पर जो लूट हुई, उसका जिम्मेदार कौन है।”
मौर्य ने दावा किया कि ‘लोक मोर्चा’ 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता को एक असली विकल्प देगा। उन्होंने कहा कि अभी तक जितनी भी सरकारें आईं, सबने जनता को गुमराह किया और युवाओं, किसानों और बेरोजगारों के लिए कुछ नहीं किया।
आजम खान की रिहाई पर दी प्रतिक्रिया
आजम खान की रिहाई पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह उनकी रिहाई का स्वागत करते हैं। उन्होंने आजम खान को एक कद्दावर नेता बताते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर फंसाया गया था और उनकी रिहाई लोकतंत्र की जीत है।

