स्वामी प्रसाद मौर्य का योगी सरकार पर तीखा हमला, बोले- धार्मिक नारे बने तोड़फोड़ का औजार
Lucknow News: अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं क्योंकि सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है।
लखनऊ में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए मौर्य ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सुप्रीम कोर्ट में जज पर जूता फेंकने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 3 नवंबर को पूरे प्रदेश में जिलाधिकारी कार्यालयों के बाहर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा पर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा, आज एक धर्म के लोग आतंकवादी गतिविधियों पर उतर आए हैं। जय श्रीराम और जय बजरंगबली जैसे जयकारे अब मुस्लिम समाज के घरों और मस्जिदों पर तोड़फोड़ का औजार बना दिए गए हैं। उन्होंने फतेहपुर के मकबरे पर हमला और अलीगढ़ में आई लव मोहम्मद लिखकर हिंदू-मुस्लिम दंगा भड़काने की साजिश रचने जैसी घटनाओं का भी हवाला दिया।
यूपी में अपराध, रेप और जातीय अत्याचार नंबर वन
मौर्य ने एनसीआरबी (NCRB) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश अपराध, रेप, हत्या और जातीय घटनाओं में देश में नंबर वन पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों और पिछड़ों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री आँख मूंदे बैठे हैं और कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
मौर्य ने देश के न्याय और संविधान पर हमले को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा, दो-दो महामहिम राष्ट्रपति को मंदिर में जाने से रोका गया था। अब जज पर जूता फेंका जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि भाजपा के शासन में न केवल आम जनता, बल्कि न्यायपालिका तक असुरक्षित है।

3 नवंबर को होगा प्रदेशव्यापी विरोध
अपनी मांगों पर जोर देते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने ऐलान किया कि 3 नवंबर को उनके नेतृत्व में पूरे प्रदेश के प्रत्येक जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें कानून-व्यवस्था की स्थिति और दलितों पर हो रहे अत्याचारों का विरोध दर्ज कराया जाएगा।
Also Read: मणिपुर में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, काकचिंग में हथियारों का विशाल जखीरा बरामद

