स्विट्जरलैंड में नए साल के जश्न के दौरान जोरदार धमाका, कई लोगों की मौत की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: नए साल की पहली सुबह स्विट्जरलैंड के आलीशान अल्पाइन स्की रिजॉर्ट शहर क्रैंस मोंटाना के लिए काली साबित हुई। गुरुवार तड़के एक लोकप्रिय बार में हुए भीषण धमाके में कई लोगों के मारे जाने और दर्जनों के घायल होने की खबर है। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय बार पर्यटकों से खचाखच भरा हुआ था और लोग नए साल का जश्न मना रहे थे।
पुलिस के अनुसार, धमाका गुरुवार तड़के करीब 1:30 बजे ले कॉन्स्टेलेशन नाम के एक प्रसिद्ध बार में हुआ। यह जगह पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। चश्मदीदों के मुताबिक, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की इमारतें हिल गईं। धमाके के तुरंत बाद इमारत में आग लग गई, जिससे वहां मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
दक्षिण-पश्चिमी स्विट्जरलैंड के वालिस कैंटन पुलिस के प्रवक्ता गैटन लैथियन ने मीडिया को बताया, धमाका किन कारणों से हुआ, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। कई लोगों की जान जाने की आशंका है और बड़ी संख्या में लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
स्विस मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों में ऊंची उठती आग की लपटें और एम्बुलेंस व फायर ब्रिगेड की दर्जनों गाड़ियां देखी जा सकती हैं। भारी बर्फबारी और ठंड के बावजूद बचाव दल मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहा है।
फिलहाल पुलिस ने इलाके को पूरी तरह सील कर दिया है। यह धमाका गैस लीकेज की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश थी, इसकी जांच की जा रही है। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
Also Read: नए साल पर गैस सिलेंडर 111 रुपये हुआ महंगा, जानें दिल्ली-मुंबई समेत आपके शहर के नए दाम

