सिडनी के बॉन्डी बीच पर अंधाधुंध फायरिंग, 10 लोगों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में स्थित प्रसिद्ध बॉन्डी बीच (Bondi Beach) पर शनिवार को हुई एक भयावह घटना ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। यहाँ एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में अंधाधुंध फायरिंग की गई, जिसमें शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की खबर है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर दो की संख्या में आए थे और उन्होंने करीब 50 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने इस हमले पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर दृश्य काफी चौंकाने वाला और वीभत्स है। प्रधानमंत्री ने पुष्टि की कि उन्होंने एएफपी (Australian Federal Police) कमिश्नर से बात की है और वे न्यू साउथ वेल्स (NSW) पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक पुलिस सूचना को ही मानें। पुलिस और इमरजेंसी सेवाएं बॉन्डी बीच पर लोगों की जान बचाने में जुटी हुई हैं। मैं सभी प्रभावितों के साथ अपनी गहरी सहानुभूति व्यक्त करता हूँ।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बॉन्डी बीच पर 50 से अधिक गोलियों के चलने की आवाज सुनी गई। एक स्थानीय शख्स हैरी विल्सन ने बताया कि उसने जमीन पर कई लोगों को गिरे हुए देखा और चारों ओर खून बिखरा हुआ था, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि बॉन्डी बीच पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे उस क्षेत्र में जाने से बचें। साथ ही, वहाँ मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर शरण लेने (Shelter in Place) के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह हमला किस मकसद से किया गया था।

Also Read: Jaunpur News: बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने तीन साधुओं को लाठी-डंडों से पीटा, चार आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.