T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी में ट्विस्ट, वर्ल्ड कप से पहले बदला कप्तान
Sandesh Wahak Digital Desk: 2026 टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान दौरे पर गई ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बड़ा फैसला लिया है।
तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में कंगारू टीम ने नियमित कप्तान मिचेल मार्श की जगह ट्रैविस हेड को कप्तानी सौंपी है। यह मुकाबला गुरुवार (29 जनवरी) को लाहौर में खेला जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के तहत ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज में अपने खिलाड़ियों को परख रहा है। इसी रणनीति के तहत पहले टी20 में मिचेल मार्श को आराम दिया गया है।
उनके अलावा मार्कस स्टोइनिस और जोश इंग्लिस को भी प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया है। टीम मैनेजमेंट ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट और बेंच स्ट्रेंथ को परखने के उद्देश्य से लिया गया है।
पहले टी20 में ट्रैविस हेड को कप्तान बनाए जाने से क्रिकेट फैंस में चर्चा तेज हो गई है। हेड हाल के वर्षों में भारत के खिलाफ अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के कारण सुर्खियों में रहे हैं और उन्हें अक्सर भारतीय टीम के लिए मुश्किल खड़ी करने वाला बल्लेबाज माना जाता है।

इस मुकाबले के जरिए ऑस्ट्रेलिया तीन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय टी20 में मौका देने जा रहा है। मैट रेनशॉ अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करेंगे, जबकि ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स और तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन भी पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उतरेंगे।
पहले टी20 के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन:
ट्रैविस हेड (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, कैमरून ग्रीन, मैट रेनशॉ, कूपर कॉनॉली, मिशेल ओवेन, जोश फिलिप (विकेटकीपर), जैक एडवर्ड्स, जेवियर बार्टलेट, एडम ज़म्पा, महली बियर्डमैन।
टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड:
मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, मिचेल ओवेन, बेन ड्वार्शियस, जेवियर बार्टलेट, एडम ज़म्पा, शॉन एबॉट, महली बियर्डमैन, मैट रेनशॉ, कैमरून ग्रीन, मैथ्यू कुहनेमैन, जोश फिलिप, जैक एडवर्ड्स, कूपर कॉनॉली।
टी20 वर्ल्ड कप से पहले यह सीरीज ऑस्ट्रेलिया के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, जिसमें टीम संयोजन और नए खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी।
Also Read: गौतम गंभीर के गले की फांस बना ये विकेटकीपर बल्लेबाज, अब डगआउट में लगेगी ड्यूटी!

