T20 World Cup 2026: BCCI का बड़ा ऐलान, दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में होगा फाइनल मुकाबला, बेंगलुरु की हुई छुट्टी

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2026 में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए वेन्यू की घोषणा कर दी है।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जो दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है।

अहमदाबाद बना फाइनल वेन्यू

BCCI ने जिन पांच भारतीय शहरों को चुना है, उनमें अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता शामिल हैं। अहमदाबाद को फिर से फाइनल की मेजबानी दी गई है।

T20 World Cup 2026

इससे पहले 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल भी यहीं भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था। नरेंद्र मोदी स्टेडियम की क्षमता एक लाख से अधिक दर्शकों की है, जिससे यह टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण बनने वाला है।

बेंगलुरु को फिर नहीं मिली जगह

रिपोर्ट्स के अनुसार, बेंगलुरु इस बार भी वेन्यू की सूची से बाहर रहा है। हाल ही में महिला ODI वर्ल्ड कप की मेजबानी से भी बेंगलुरु को बाहर किया गया था।

खबरों के मुताबिक, जून में IPL 2025 के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB की जीत के जश्न के समय भगदड़ की घटना के बाद से कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को सुरक्षा मंजूरी नहीं मिल पाई है।

इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद से वहां कोई भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला आयोजित नहीं हुआ है।

श्रीलंका निभाएगा न्यूट्रल वेन्यू की भूमिका

ICC सूत्रों के मुताबिक, टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल अगले हफ्ते जारी किया जाएगा। यह वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।

श्रीलंका पाकिस्तान से जुड़े मैचों के लिए न्यूट्रल वेन्यू के रूप में काम करेगा। वहां कोलंबो समेत तीन स्टेडियमों में मुकाबले खेले जाएंगे।

डिफेंडिंग चैम्पियन के रूप में उतरेगा भारत 

भारत इस बार टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैम्पियन के रूप में उतरेगा। टीम इंडिया ने जून 2024 में बारबाडोस में इंग्लैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप जीता था।

चुने गए सभी भारतीय वेन्यू टियर-1 शहरों में हैं, जहां दर्शकों की भारी भीड़ की उम्मीद है।

ICC, BCCI और PCB के बीच हुए समझौते के अनुसार, यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है, तो खिताबी मुकाबला श्रीलंका में आयोजित किया जाएगा।

समझौते के तहत भारत और पाकिस्तान 2027 तक सभी आपसी मैच न्यूट्रल वेन्यू पर ही खेलेंगे, चाहे टूर्नामेंट किसी भी देश में आयोजित क्यों न हो।

Also Read: IND vs AUS 4th T20I: भारत की धमाकेदार जीत, ऑस्ट्रेलिया को 48 रनों से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.