T20 World Cup 2026: ‘पूरी किस्मत बदल दी…’, मैच के बाद भावुक हुए मोहम्मद सिराज

Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले ही मुकाबले में मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके और टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई।

खास बात यह रही कि सिराज को टूर्नामेंट शुरू होने से महज 24 घंटे पहले ही टीम में शामिल किया गया था। हर्षित राणा के चोटिल होकर बाहर होने के बाद उन्हें स्क्वॉड में जगह मिली।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भावुक दिखे सिराज ने बताया कि उन्हें पूरा भरोसा था कि वह इस वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं होंगे।

उन्होंने कहा, “एक साल से प्लानिंग चल रही थी और मैं टी20 नहीं खेल रहा था, इसलिए समझ गया था कि वर्ल्ड कप में मौका नहीं मिलेगा। लेकिन ऊपर वाले ने पूरी तकदीर बदल दी।”

सूर्यकुमार के फोन कॉल को समझ बैठे मजाक

सिराज ने बताया कि जब उन्हें टीम में शामिल किए जाने की जानकारी मिली, तब वह अपने परिवार के साथ थे। उन्हें एक मैसेज आया—‘आगे क्या प्लान है?’ जिस पर उन्होंने मजाक में जवाब दे दिया। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव का फोन आया।

T20 World Cup 2026

सिराज ने कहा, “सूर्या भाई ने कहा—‘मिया तैयार हो जा, बैग पैक करके आ जा।’ मैंने समझा मजाक कर रहे हैं। मैंने कहा, मजाक मत करो, ऐसा होने वाला नहीं है। फिर उन्होंने कहा—‘मिया, मैं सच बोल रहा हूं।’ उस वक्त मेरे लिए यह बेहद शॉकिंग था।”

उन्होंने आगे कहा कि फ्लाइट में बैठते वक्त भी उन्हें लग रहा था कि यह किसी सपने जैसा है। “ऊपर वाले ने जो लिख दिया है, उसे कोई नहीं बदल सकता। मैं न सिर्फ टीम में आया बल्कि मैच भी खेल लिया। गॉड ग्रेट है।”

मौका मिला तो पूरी तैयारी से उतरे मैदान में

अपने प्रदर्शन पर बात करते हुए सिराज ने कहा कि अंदर से जोश जरूर था, लेकिन उन्होंने खुद को प्रोफेशनल तरीके से संभाला।

उन्होंने कहा, “वर्ल्ड कप खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है। मैंने सोचा कि जैसा रणजी में करता हूं, वैसा ही करना है। नई गेंद से हिट करना आसान नहीं था, इसलिए विकेट-टू-विकेट गेंदबाजी की और वहां विकेट भी मिल गए।”

अचानक मिले इस मौके को सिराज ने शानदार प्रदर्शन से यादगार बना दिया और साबित कर दिया कि मेहनत और किस्मत साथ हों तो कुछ भी मुमकिन है।

Also Read: T20 World Cup 2026: टीम इंडिया का विजय रथ जारी, बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.