T20 World Cup 2026: हर्षित राणा बाहर, BCCI ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान, टीम इंडिया में इस तेज गेंदबाज की एंट्री
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया में बड़ा बदलाव किया है।
तेज गेंदबाज हर्षित राणा के चोटिल होने के बाद उन्हें पूरे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है, जबकि उनकी जगह मोहम्मद सिराज को 15 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
बीसीसीआई ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 4 फरवरी 2026 को नवी मुंबई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मैच के दौरान हर्षित राणा के घुटने में चोट लग गई थी।
मेडिकल जांच में उनके घुटने के बाहरी हिस्से (लेटरल मेनिस्कस) में गंभीर चोट पाई गई, जिसके चलते मूवमेंट में कमी और तेज दर्द की शिकायत सामने आई।
बीसीसीआई मेडिकल टीम ने ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनशॉ पारदीवाला की सलाह के बाद यह निष्कर्ष निकाला कि हर्षित राणा की रिकवरी सर्जरी के बिना संभव नहीं है, ऐसे में उन्हें टूर्नामेंट के लिए अयोग्य घोषित किया गया। बोर्ड ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।
हर्षित राणा के बाहर होने के बाद अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम इंडिया में शामिल किया गया है, जो पहले से ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी धारदार गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं।

भारत का अपडेटेड स्क्वॉड (टी20 वर्ल्ड कप 2026)
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर और मोहम्मद सिराज।
कल से शुरू होगा टी20 वर्ल्ड कप
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होगा। टूर्नामेंट के पहले दिन कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे। टीम इंडिया अपना पहला मैच यूएसए के खिलाफ खेलेगी।
टीम में मोहम्मद सिराज की एंट्री से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

