T20 World Cup 2026: हेटमायर ने रचा इतिहास, गेल का 16 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

Sandesh Wahak Digital Desk: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगनी शुरू हो गई है।

टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने क्रिस गेल का 16 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।

वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच खेले जा रहे मैच में हेटमायर ने महज 22 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

अपनी इस तूफानी पारी में उन्होंने 6 छक्के और 1 चौका लगाया और स्कॉटलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

Shimron Hetmyer

क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूटा

इससे पहले यह रिकॉर्ड ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2009 टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। हेटमायर ने गेल से एक गेंद कम खेलकर नया इतिहास रच दिया।

टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज अर्धशतक

  • 22 गेंद – शिमरोन हेटमायर (2026)

  • 23 गेंद – क्रिस गेल (2009)

  • 24 गेंद – शाय होप (2024)

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड अब भी क्रिस गेल के पास ही है। गेल ने 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 17 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।

युवराज सिंह का रिकॉर्ड अब भी कायम

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड आज भी भारत के युवराज सिंह के नाम है।

युवराज ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 12 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी, जो आज भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जाती है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हेटमायर की इस पारी ने साफ कर दिया है कि इस बार टूर्नामेंट में रिकॉर्ड टूटने का सिलसिला अभी और जारी रहने वाला है।

Also Read: Under-19 World Cup जीतने पर टीम इंडिया को नहीं मिली प्राइज मनी, लेकिन BCCI ने खोला खजाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.