Sandesh Wahak Digital Desk: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान को साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में हार झेलनी पड़ी।
इस मैच के बाद अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है।
क्यों लगा मोहम्मद नबी पर जुर्माना?
आईसीसी ने मोहम्मद नबी को अपनी आचार संहिता की धारा 2.4 के उल्लंघन का दोषी पाया है, जो मैच के दौरान अंपायर के साथ अनुचित व्यवहार से संबंधित है।
यह घटना अफगानिस्तान की पारी के 14वें ओवर में हुई, जब नबी साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी द्वारा पहने गए बैंड को लेकर अंपायर से बहस करते नजर आए। इसी को आचार संहिता का उल्लंघन माना गया।

दो सुपर ओवर तक चला मुकाबला
अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित 20 ओवर में दोनों टीमों ने 187-187 रन बनाए, जिसके बाद मैच टाई हो गया।
इसके बाद खेला गया पहला सुपर ओवर भी 17-17 रन पर बराबरी पर रहा। अंततः मैच का फैसला दूसरे सुपर ओवर की आखिरी गेंद पर हुआ, जहां साउथ अफ्रीका ने जीत दर्ज की। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहला मौका था, जब एक ही मैच में दो सुपर ओवर खेले गए।
अफगानिस्तान को लगा बड़ा झटका
इस हार ने अफगानिस्तान की सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। वहीं, साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
दोनों टीमें ग्रुप D में शामिल हैं, जहां फिलहाल न्यूजीलैंड शीर्ष स्थान पर है और साउथ अफ्रीका दूसरे नंबर पर काबिज है।
Also Read: T20 World Cup 2026: भारतीय सरजमीं पर राशिद खान का जलवा, कर दिया ऐतिहासिक कारनामा

