T20 World Cup 2026: भारत–पाकिस्तान मैच की तारीख तय, जानिए पूरा शेड्यूल

पूरा शेड्यूल जारी, जानिए कब–कहां उतरेगी टीम इंडिया

Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पूरा कार्यक्रम जारी हो गया है और सबसे ज्यादा चर्चा जिस मुकाबले की हो रही है, वह है भारत बनाम पाकिस्तान।

दोनों प्रतिद्वंद्वी टीमें 15 फरवरी 2026 को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला भारत का तीसरा ग्रुप मैच होगा, जिसे ‘महामुकाबला’ कहा जा रहा है।

ESPNCricinfo के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। इस ग्रुप में यूएसए, नामीबिया और नीदरलैंड्स भी शामिल हैं। टीम इंडिया के संभावित ग्रुप मैच इस प्रकार हैं:

T20 World Cup 2026

  • 7 फरवरी, मुंबई – भारत vs यूएसए (टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच)

  • 12 फरवरी, दिल्ली – भारत vs नामीबिया

  • 15 फरवरी, कोलंबो – भारत vs पाकिस्तान

  • 18 फरवरी, अहमदाबाद – भारत vs नीदरलैंड्स

कैसा होगा टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फॉर्मेट?

भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से इस विश्व कप का आयोजन करेंगे। टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक खेला जाएगा।

  • कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी

  • 5 ग्रुप, हर ग्रुप में 4 टीमें

  • हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी

  • सुपर-8 में दो नए ग्रुप बनाए जाएंगे

  • इसके बाद टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल खेलेंगी

  • फाइनल के साथ टूर्नामेंट का समापन होगा यह फॉर्मेट 2024 टी20 वर्ल्ड कप जैसा ही होगा।

भारत के नॉकआउट मैच कहां होंगे?

यदि टीम इंडिया सुपर-8 में पहुंचती है, तो उसके मैच संभवतः अहमदाबाद, चेन्नई और कोलकाता में खेले जाएंगे।

  • संभावित सेमीफाइनल (भारत का) – मुंबई

  • दूसरा सेमीफाइनल – कोलंबो या कोलकाता (श्रीलंका/पाकिस्तान के प्रदर्शन पर निर्भर)

  • फाइनल – अहमदाबाद

  • लेकिन यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है तो उसे कोलंबो शिफ्ट करने पर विचार किया जा सकता है।

ये 20 टीमें उतरेंगी खिताब की दौड़ में

भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, नामीबिया, नीदरलैंड्स, यूएसए, वेस्ट इंडीज, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, आयरलैंड, कनाडा, इटली, जिम्बाब्वे, नेपाल, ओमान और यूएई—ये सभी टीमें विश्व विजेता बनने की चुनौती में होंगी।

भारत करेगा खिताब का बचाव

भारत 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतकर 2026 में अपने खिताब की रक्षा करने उतरेगा। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने बारबाडोस में दक्षिण अफ्रीका को हराकर दूसरी बार टी20 विश्व कप जीता था।

Also Read: क्रिकेट पर भी दिल्ली की जहरीली हवा का असर, BCCI ने बदला इस टूर्नामेंट का वेन्यू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.