T20 World Cup 2026: जिसे कभी पेट पालने के लिए ढोना पड़ा कूड़ा, वही बना ‘सिक्सर किंग’

Sandesh Wahak Digital Desk: T20 वर्ल्ड कप का 10वां संस्करण शुरू होने जा रहा है और एक बार फिर क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबलों और नए रिकॉर्ड्स की उम्मीद है।

इस टूर्नामेंट के इतिहास में कई दिग्गजों ने अपनी छाप छोड़ी है, लेकिन छक्कों के मामले में जो नाम सबसे ऊपर है, वह है वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज क्रिस गेल। ‘यूनिवर्स बॉस’ के नाम से मशहूर गेल का सफर जितना शानदार रहा है, उतना ही संघर्षों से भरा भी रहा है।

क्रिस गेल ने 2007 से 2021 के बीच T20 वर्ल्ड कप में कुल 33 मैच खेले और 31 पारियों में 63 छक्के लगाए। यह रिकॉर्ड अब तक कोई भी बल्लेबाज नहीं तोड़ सका है। छक्कों के मामले में वह इतने आगे हैं कि दूसरे नंबर पर मौजूद भारत के रोहित शर्मा भी उनसे 13 छक्के पीछे हैं।

रोहित शर्मा ने 47 मैचों की 44 पारियों में 50 छक्के लगाए हैं। इसके बाद इंग्लैंड के जॉस बटलर (43), ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर (40) और भारत के विराट कोहली (35) का नंबर आता है।

Chris Gayle

क्या बटलर तोड़ पाएंगे गेल का रिकॉर्ड?

T20 वर्ल्ड कप के टॉप-5 सिक्स हिटर्स में इस समय सिर्फ जॉस बटलर ही एक्टिव खिलाड़ी हैं। ऐसे में उनके पास गेल के रिकॉर्ड के करीब पहुंचने का मौका जरूर है।

लेकिन इसके लिए उन्हें T20 वर्ल्ड कप 2026 में कम से कम 20 छक्के लगाने होंगे, जो आसान नहीं माना जा रहा।

झुग्गी से ‘यूनिवर्स बॉस’ तक का सफर

आज भले ही क्रिस गेल की गिनती दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेटरों में होती हो और उनकी कुल संपत्ति सैकड़ों करोड़ रुपये आंकी जाती हो, लेकिन उनका शुरुआती जीवन बेहद कठिन रहा।

जमैका में पले-बढ़े गेल को एक वक्त पेट पालने के लिए कूड़ा ढोना पड़ा। वह झुग्गी में रहते थे और उनकी मां सड़कों पर चिप्स बेचकर परिवार चलाती थीं।

क्रिकेट में एंट्री के बाद गेल की किस्मत बदली और उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने उन्हें विश्व क्रिकेट का सुपरस्टार बना दिया। मैदान पर उनके लंबे-लंबे छक्के और बेखौफ अंदाज ने उन्हें ‘यूनिवर्स बॉस’ की पहचान दिलाई।

संघर्ष की मिसाल हैं क्रिस गेल

क्रिस गेल की कहानी सिर्फ रिकॉर्ड्स की नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास की मिसाल है।

T20 वर्ल्ड कप में उनके नाम दर्ज 63 छक्के आज भी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं और आने वाले वर्षों तक उनका यह रिकॉर्ड तोड़ पाना आसान नहीं होगा।

Also Read: डेब्यू करते ही सस्पेंड हुआ खिलाड़ी, मैच खत्म होते ही टीम से बाहर, जानिए पूरा मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.