T20 World Cup 2026: बांग्लादेश खेलेगा या नहीं, इस दिन होगा अंतिम फैसला

Sandesh Wahak Digital Desk: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम की भागीदारी को लेकर सस्पेंस बरकरार है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लेने की तारीख तय कर दी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी 21 जनवरी को बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने को लेकर अंतिम निर्णय सुनाएगा।

यह डेडलाइन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को 17 जनवरी को ढाका में हुई बैठक के दौरान दी गई थी। ICC ने साफ कर दिया है कि अगर बांग्लादेश तय तारीख तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचता, तो फिर आईसीसी अपने स्तर पर फैसला लेगा।

भारत आने पर भी लेना होगा फैसला

बांग्लादेश को सिर्फ टूर्नामेंट में खेलने पर ही नहीं, बल्कि भारत आकर खेलने पर भी 21 जनवरी तक स्पष्ट रुख अपनाना होगा। आईसीसी ने दो टूक कहा है कि टूर्नामेंट का तय शेड्यूल, ग्रुप और वेन्यू में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।

सुरक्षा कारणों का हवाला, ICC अडिग

ढाका में हुई यह बैठक एक हफ्ते के भीतर दोनों पक्षों के बीच दूसरी बातचीत थी। इस दौरान बांग्लादेश ने फिर दोहराया कि वह टी20 वर्ल्ड कप खेलना चाहता है, लेकिन भारत के बाहर।

T20 World Cup 2026

बांग्लादेश ने अपने सभी मुकाबले सह-मेजबान श्रीलंका में कराने की मांग की और इसके पीछे सुरक्षा कारणों का हवाला दिया। हालांकि, आईसीसी ने स्पष्ट कर दिया कि न तो शेड्यूल बदलेगा और न ही ग्रुप में कोई बदलाव होगा। बांग्लादेश को ग्रुप C में ही खेलना होगा।

ग्रुप बदलने की मांग भी खारिज

बांग्लादेश ने आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने का प्रस्ताव भी रखा था। आयरलैंड ग्रुप B में है और उसके मुकाबले श्रीलंका में खेले जाने हैं।

लेकिन 17 जनवरी की बातचीत के बाद यह साफ हो गया कि आईसीसी इस मांग को मानने के पक्ष में नहीं है। आईसीसी ने बांग्लादेश को भरोसा दिलाया है कि भारत में किसी तरह का सुरक्षा खतरा नहीं है।

बांग्लादेश का तय शेड्यूल

आईसीसी के घोषित कार्यक्रम के अनुसार, बांग्लादेश अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ करेगा। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा।

इसके बाद बांग्लादेश के अगले दो ग्रुप मैच भी कोलकाता में ही होंगे, जबकि आखिरी ग्रुप मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है।

बांग्लादेश हटता है तो किसे मिलेगा मौका?

आईसीसी अब बांग्लादेश के अंतिम फैसले का इंतजार कर रहा है। अगर 21 जनवरी को बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप से हटने का निर्णय लेता है, तो उसकी जगह आईसीसी रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया जा सकता है।

कहां से शुरू हुआ विवाद?

बांग्लादेश के भारत आकर खेलने से इनकार का विवाद उस समय शुरू हुआ, जब बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया। इस फैसले को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और वहां के खेल मंत्रालय ने अपमानजनक माना।

इसके बाद बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण को रोकने जैसे कदम उठाए गए। इसी घटनाक्रम के बाद बांग्लादेश ने आईसीसी को ईमेल कर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने मैच भारत से बाहर, श्रीलंका में कराने की मांग रखी थी।

Also Read: Vijay Hazare Trophy Prize Money: BCCI ने 3 गुना से ज्यादा बढ़ाई इनामी राशि, विदर्भ को खिताब जीतने पर मिला इतना पैसा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.