T20 World Cup Controversy: भारत में खेलने से बांग्लादेश का साफ इनकार, ICC की शर्त के बावजूद बहिष्कार का ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: T20 वर्ल्ड कप को लेकर क्रिकेट की दुनिया में बड़ा भूचाल आ गया है।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की सख्त चेतावनी और अल्टीमेटम के बावजूद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में टूर्नामेंट खेलने से साफ इनकार कर दिया है।

बांग्लादेश ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनके मैचों का वेन्यू भारत से बदलकर श्रीलंका नहीं किया जाता, तब तक टीम T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेगी।

खिलाड़ियों, क्रिकेट बोर्ड और अंतरिम सरकार के बीच हुई अहम बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नज़रुल ने ICC पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “ICC ने बांग्लादेश के साथ न्याय नहीं किया। सरकार, बोर्ड और खिलाड़ी—तीनों इस बात पर एकमत हैं कि सुरक्षा से किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा।”

T20 World Cup Controversy

आसिफ नज़रुल ने दो टूक कहा कि बांग्लादेश किसी भी दबाव में झुकने वाला नहीं है। उनका कहना था कि अगर बांग्लादेश वर्ल्ड कप नहीं खेलेगा तो इसके नतीजे पूरी दुनिया देखेगी, लेकिन खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।

बैठक के बाद BCB ने भी अपने फैसले को अटल बताते हुए कहा कि मौजूदा हालात में भारत जाकर खेलना सुरक्षित नहीं है।

इसी वजह से बोर्ड लगातार मैचों को श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग कर रहा है। हालांकि ICC पहले ही यह स्पष्ट कर चुका है कि टूर्नामेंट के मैच भारत से बाहर नहीं ले जाए जाएंगे।

ICC की इस सख्त स्थिति के बावजूद बांग्लादेश अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं है। इस टकराव के चलते T20 वर्ल्ड कप पर संकट के बादल गहराते नजर आ रहे हैं और अब सबकी निगाहें ICC के अगले कदम पर टिकी हैं।

बांग्लादेश का T20 वर्ल्ड कप शेड्यूल (पूर्व निर्धारित):

  • 7 फरवरी 2026: बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज, दोपहर 3 बजे, ईडन गार्डन्स (कोलकाता)

  • 9 फरवरी 2026: बांग्लादेश बनाम इटली, सुबह 11 बजे, ईडन गार्डन्स (कोलकाता)

  • 14 फरवरी 2026: बांग्लादेश बनाम इंग्लैंड, दोपहर 3 बजे, ईडन गार्डन्स (कोलकाता)

  • 17 फरवरी 2026: बांग्लादेश बनाम नेपाल, शाम 7 बजे, वानखेड़े स्टेडियम (मुंबई)

क्यों भारत में खेलने से पीछे हटा बांग्लादेश?

हाल के दिनों में भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में तल्खी देखने को मिली है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर कथित अत्याचार के मुद्दे के बाद दोनों देशों के संबंधों पर असर पड़ा, जिसका प्रभाव क्रिकेट तक पहुंचा।

इसके बाद मुस्ताफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी द्वारा आईपीएल 2026 से बाहर किए जाने और बांग्लादेश द्वारा आईपीएल प्रसारण पर बैन लगाए जाने से विवाद और गहराया।

इसी पृष्ठभूमि में बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप के अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग तेज कर दी, जिसे ICC ने खारिज कर दिया।

ICC बैठक में प्रस्ताव खारिज

21 जनवरी को हुई ICC बैठक में BCB ने आधिकारिक तौर पर भारत के बजाय किसी अन्य देश में मैच कराने का प्रस्ताव रखा था।

यह प्रस्ताव वोटिंग के लिए रखा गया, जिसमें 16 सदस्य देशों में से 14 ने बांग्लादेश के खिलाफ मतदान किया। सिर्फ पाकिस्तान और बांग्लादेश ने इस प्रस्ताव के समर्थन में वोट दिया।

इसके बाद 22 जनवरी को खिलाड़ियों के साथ हुई बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि टीम भारत में T20 वर्ल्ड कप नहीं खेलेगी।

इस फैसले के साथ ही बांग्लादेश ने ICC के सामने अपनी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है, जिससे वर्ल्ड कप को लेकर अनिश्चितता और बढ़ गई है।

Also Read: Big Bash League में बाबर आजम का सफर खत्म, दिया भावुक बयान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.