‘ताजमहल की खूबसूरती आगरा के लिए श्राप’, भाजपा सांसद ने उठाई TTZ प्रतिबंधों की मांग

Sandesh Wahak Digital Desk: आगरा की फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने संसद के शीतकालीन सत्र में एक चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की खूबसूरती आगरा की जनता के लिए एक तरह से “श्राप” बन गई है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि बेरोजगारी की समस्या से निपटने के लिए आगरा को तत्काल प्रभाव से आईटी हब (IT Hub) घोषित किया जाए।

टीटीजेड प्रतिबंधों के कारण बेरोजगारी

सांसद राजकुमार चाहर ने संसद में ताजमहल के आसपास लागू ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) और एनजीटी (NGT) के कड़े नियमों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ताजमहल की खूबसूरती पूरे विश्व का ध्यान खींचती है, लेकिन टीटीजेड और एनजीटी के सख्त नियमों के कारण आगरा में उद्योगों और नई फैक्ट्रियों की स्थापना लगभग असंभव हो गई है। इसका सबसे बड़ा दुष्परिणाम यह है कि आगरा का नौजवान बेरोजगारी का सामना कर रहा है।

आईटी हब बनाने की मांग

उद्योगों पर लगे प्रतिबंधों को देखते हुए, सांसद चाहर ने आगरा के विकास के लिए एक वैकल्पिक और उपयुक्त समाधान प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि आगरा की सड़क कनेक्टिविटी उत्कृष्ट है। शहर, दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे, आगरा-ग्वालियर नया एक्सप्रेसवे और आगरा-जयपुर मार्ग के कारण देश के प्रमुख महानगरों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में, शहर के विकास का सबसे उपयुक्त और बड़ा विकल्प यह है कि आगरा में भारत का प्रमुख आईटी हब स्थापित किया जाए।

सांसद ने केंद्र सरकार से मांग की कि आगरा के बेरोजगार युवाओं के भविष्य और जनहित को ध्यान में रखते हुए शहर को तत्काल आईटी हब घोषित किया जाए। उनका दावा है कि इससे न सिर्फ हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि शहर का समग्र विकास भी होगा और ताजमहल की ऐतिहासिक सुंदरता भी सुरक्षित बनी रहेगी।

Also Read: लखनऊ: नगर निगम मुख्यालय में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भावपूर्ण विदाई, महापौर ने किया सम्मानित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.