वोट डालकर बोले बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान, जनता को उनके अधिकार वापस मिले

Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए आज सुबह से ही गहमागहमी का माहौल है। बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान ने सुबह करीब 9:30 बजे अपनी पत्नी डॉ. जुबैदा रहमान और बेटी जाइमा रहमान के साथ गुलशन मॉडल हाई स्कूल सेंटर पहुंचकर मतदान किया। तारिक रहमान खुद इस बार दो सीटों (ढाका-17 और बोगरा-6) से चुनावी मैदान में हैं।

मतदान के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए तारिक रहमान ने कहा कि बांग्लादेश के लोग इस ऐतिहासिक दिन का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे भारी संख्या में पोलिंग बूथों पर आएं। तारिक ने चेतावनी देते हुए कहा, बुधवार रात देश के कई हिस्सों से छिटपुट हिंसा की खबरें मिली हैं, लेकिन अगर जनता बड़ी तादाद में घर से निकलती है, तो किसी भी साजिश को नाकाम किया जा सकता है। उन्होंने वादा किया कि अगर उनकी सरकार बनती है, तो देश में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

वहीं दूसरी ओर, चुनाव से प्रतिबंधित की गई शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने इन चुनावों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अवामी लीग ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस प्रक्रिया को दिखावटी चुनाव करार दिया। पार्टी का दावा है कि जेलें अवामी लीग के समर्थकों, पत्रकारों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं से भरी हुई हैं। बयान में कहा गया कि अवामी लीग का समर्थक बताकर अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है और वे खत्म होने की कगार पर हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि देश की आधी आबादी यानी महिलाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से दूर रखा जा रहा है।

Also Read: सूडान के नील नदी में नाव पलटने से 15 की मौत, कई अब भी लापता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.