बलरामपुर में टैक्स चोरी का पर्दाफाश, अन्तर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
फर्जी फर्मों के जरिये कर चोरी, पुलिस ने दो अभियुक्तों को दबोचा
बलरामपुर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने अन्तर्राज्यीय कर चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से तीन एंड्रायड मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपित लंबे समय से बिना ई-वे बिल स्क्रैप परिवहन कर टैक्स चोरी कर रहे थे।
राज्य कर अधिकारी प्रमोद कुमार शर्मा की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर उतरौला रोड स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास जांच में दो वाहन पकड़े गए। दोनों वाहन बिना ई-वे बिल के मिक्स्ड ओल्ड आयरन स्क्रैप लादकर ले जा रहे थे। जांच में सामने आया कि दोनों वाहनों के चालक व मालिक एक ही व्यक्ति हैं, जबकि कागजों में अलग-अलग स्थान से माल लोड करने का उल्लेख किया गया था। सप्लायर के रूप में रघु ट्रेडिंग सेंटर और रिसीवर के तौर पर ग्लोबल इंटरप्राइजेज का नाम सामने आया, जो फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पंजीकृत पाए गए।
वाहन संख्या यूपी-12 सीटी-0289 की टैक्स इनवॉइस में 17,835 किलो माल दर्शाया गया था, जबकि वास्तविकता में 925 किलो अधिक स्क्रैप लदा मिला। यह मामला कर चोरी और संगठित आर्थिक अपराध की श्रेणी में आता है।
रेलवे कॉलोनी के पास से गिरफ्तार हुए आरोपी
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी नगर ज्योतिश्री के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह व टीम ने जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी मोहम्मद मारूफ व मोहम्मद खालिद को रेलवे कॉलोनी बलरामपुर से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे बिहार से स्क्रैप लोड कर बिना ई-वे बिल के पंजाब सहित विभिन्न राज्यों में माल पहुंचाते थे। उन्हें मोबाइल के जरिए ही बिल और गाड़ियों से संबंधित निर्देश मिलते थे।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह, उपनिरीक्षक शिवलखन सिंह, हेड कांस्टेबल अरविन्द जायसवाल, शिवपाल शर्मा व राकेश कुशवाहा शामिल रहे। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया है।
रिपोर्ट : योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: बलरामपुर नगर को मिली विकास की सौगात, जल्द शुरू होंगी करोड़ों की परियोजनाएं

