कम नंबर लाने पर शिक्षक पिता ने बेटी को पीट-पीटकर मार डाला

Sandesh Wahak Digital Desk: परीक्षा में कम नंबर लाने पर एक पिता ने अपनी 16 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर जान ले ली। महाराष्ट्र के सांगली जिले के नेलकरंजी गांव में एक स्कूल शिक्षक पिता ने गुस्से में आकर अपनी ही बेटी को लकड़ी के हैंडल से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी अस्पताल में मौत हो गई।

बेटी थी 12वीं की छात्रा, नंबर कम आने पर भड़का पिता

जानकारी के मुताबिक, मृतका साधना भोसले 12वीं कक्षा की छात्रा थी। शनिवार रात को उसके पिता धोंडीराम भोसले (45) ने कम नंबर आने की बात पर पहले डांटा, फिर बहस बढ़ते-बढ़ते इस हद तक पहुंच गई कि उन्होंने घर में रखी आटा चक्की का लकड़ी का हैंडल उठाया और साधना को पीटना शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, यह सब लड़की की मां और छोटे भाई के सामने हुआ। वे बीच-बचाव भी नहीं कर पाए और जब तक कुछ कर पाते, साधना गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। परिजन तुरंत उसे सांगली अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

शरीर पर थे कई गहरे घाव

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हुआ कि लड़की के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें थीं, जो उसकी मौत की मुख्य वजह बनीं। इसके बाद पीड़िता की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आटपाडी पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक विनय बहिर ने बताया कि घटना शनिवार रात की है। मामला पूरी तरह घरेलू है लेकिन यह क्रूरता की सारी हदें पार कर गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Also Read: Kasganj: पति की हत्या के बाद प्रेमी संग भागी 9 बच्चों की मां, बच्चे हुए बेसहारा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.