Under-19 World Cup जीतने पर टीम इंडिया को नहीं मिली प्राइज मनी, लेकिन BCCI ने खोला खजाना
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत ने रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही, जबकि फाइनल में वैभव सूर्यवंशी की 175 रनों की मैच जिताऊ पारी ने जीत की कहानी लिखी।
हालांकि, ऐतिहासिक जीत के बावजूद भारतीय टीम को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से कोई प्राइज मनी नहीं मिलेगी। यह सवाल क्रिकेट प्रेमियों के मन में उठ रहा है कि विश्व विजेता बनने के बाद भी टीम को इनाम क्यों नहीं मिला।
दरअसल, ICC अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप को एक डेवलपमेंट टूर्नामेंट के रूप में देखता है। इसका मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देना, उनकी प्रतिभा को निखारना और भविष्य के लिए तैयार करना है, न कि वित्तीय पुरस्कार देना।
इसी नीति के तहत ICC पहले भी अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीमों को प्राइज मनी नहीं देता रहा है।

हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों को निराश होने की जरूरत नहीं है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) परंपरागत रूप से अपने युवा खिलाड़ियों की मेहनत को सम्मानित करता आया है।
वर्ष 2022 में यश ढुल की कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर BCCI ने टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 40 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 25-25 लाख रुपये का इनाम दिया था।
और इस बार BCCI अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन टीम के खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट टीम के लिए साढ़े सात करोड़ रूपये इनाम के तौर पर देने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि बीते दो संस्करणों में महिला अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीमों के लिए BCCI ने 5 करोड़ रुपये का प्राइज मनी पूल रखा था।

