नई फॉर्च्यूनर खरीदकर फंस गए टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाशदीप, RTO ने थमाया नोटिस
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज़ गेंदबाज़ आकाशदीप सिंह, जो हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में अपने शानदार प्रदर्शन के चलते सुर्खियों में रहे, अब एक अलग वजह से चर्चा में हैं।
उन्होंने हाल ही में ब्लैक कलर की एक नई टोयोटा फॉर्च्यूनर खरीदी थी, लेकिन यह ड्रीम कार उनके लिए मुसीबत का कारण बन गई है। उत्तर प्रदेश के परिवहन विभाग (RTO) ने उन्हें नोटिस जारी किया है।
HSRP प्लेट नहीं लगवाने पर नोटिस
परिवहन विभाग ने केंद्रीय मोटर वाहन नियमावली, 1989 के नियम 44 के उल्लंघन के तहत आकाशदीप और लखनऊ के चिनहट स्थित डीलरशिप ‘सनी मोटर्स’ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
आरोप है कि आकाशदीप बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के वाहन का उपयोग कर रहे थे।

इतना ही नहीं, विभाग ने उस डीलरशिप पर भी कार्रवाई करते हुए एक महीने तक गाड़ियों की डिलीवरी पर रोक लगा दी है, क्योंकि डीलर ने वाहन का पंजीकरण पूर्ण किए बिना और बिना HSRP प्लेट लगाए वाहन की डिलीवरी कर दी।
ड्रीम कार पर मिला नोटिस
आकाशदीप ने हाल ही में इस कार की डिलीवरी के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था, “ड्रीम डिलीवर हो गया है, चाबी हाथ में आ गई है, उन लोगों के साथ जो सबसे ज्यादा मायने रखते हैं।” लेकिन अब यही ड्रीम कार विवादों में आ गई है।
सीरीज में किया था शानदार प्रदर्शन
गौरतलब है कि आकाशदीप ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन किया था, खासकर दूसरे टेस्ट में 5 विकेट लेकर उन्होंने सबका ध्यान खींचा। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई थी।

