‘टीम लखनऊ’ ने भारत-पाक सीमा पर रावी नदी के बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाई मदद, लोगों के चेहरे पर आई मुस्कान
Sandesh Wahak Digital Desk: हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित हुए भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित रावी नदी के तट पर एक ‘आखिरी गांव’ तक ‘टीम लखनऊ’ ने मदद पहुंचाई है। गांव में क़रीब 20 फीट तक पानी भरा हुआ था, जहां चार दिनों तक सेना को हेलीकॉप्टर से राशन और ज़रूरी सामान पहुंचाना पड़ा था। इस दौरान बच्चे भूखे-प्यासे थे और कई मवेशी भी बह गए थे।

‘आप लोग इतनी दूर से आए हैं, पहले पानी पीजिए’
‘टीम लखनऊ’ के संयुक्त सचिव कुदरत उल्ला खान ने बताया कि जब उनकी टीम भारतीय सेना के साथ इस दूर-दराज के गांव में पहुंची, तो बाढ़ पीड़ितों के चेहरे पर ख़ुशी और संतोष की एक अलग ही मुस्कान थी।
कुदरत उल्ला खान ने वहां के लोगों के सब्र और इंसानियत की एक दिल छू लेने वाली बात साझा की। उन्होंने बताया, गांव वालों ने हमारी टीम को देखते ही कहा आप लोग इतनी दूर से आ रहे हैं, पहले पानी पी लीजिए। हमारे पास जो सामान है, वह हमें न दीजिएगा, जो नहीं है, वह ले लेंगे। खान ने कहा उनकी यह बात सुनकर मेरे दिल को बहुत सुकून मिला कि ऐसे भी लोग होते हैं। हिंदुस्तान के आखिरी गांव में, पाकिस्तान के किनारे रह रहे इन लोगों में इतना सब्र है।

स्कूल बैग से लेकर खाने तक का सामान दिया
‘टीम लखनऊ’ ने गांव वालों की दरियादिली का सम्मान करते हुए उनकी ज़रूरत की हर चीज़ पहुंचाई। टीम ने वहां स्कूल बैग, तिरपाल, खाने का सामान, जूस और पानी सब कुछ वितरित किया। कुदरत उल्ला खान ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा जब उनके चेहरे पर वह मुस्कुराहट देखी, तो दिल को बहुत सुकून मिला। आज हम सबने बहुत बड़ा काम किया है। ‘टीम लखनऊ’ और भारतीय सेना की यह पहल दिखाती है कि आपदा के समय एकजुटता और मानवता सबसे बड़ा धर्म होता है।

