फरहान अख्तर की फिल्म 120 बहादुर का टीज़र आउट, 1962 के युद्ध की बहादुरी की दास्तां
Sandesh Wahak Digital Desk: हिंदी सिनेमा के प्रतिभाशाली कलाकार फरहान अख्तर की आने वाली फिल्म ‘120 बहादुर’ का दमदार टीज़र जारी हो गया है। इस फिल्म में फरहान अख्तर एक आर्मी जवान, मेजर शैतान सिंह भाटी की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जो देश के लिए दुश्मनों से लोहा लेने और बलिदान देने के लिए तैयार है। यह 2 मिनट 8 सेकंड का टीज़र देशभक्ति से भरा है, जो आपके भी रोंगटे खड़े कर देगा।
1962 के भारत-चीन युद्ध की सच्ची कहानी
यह फिल्म 1962 में हुए भारत-चीन युद्ध की एक सच्ची घटना पर आधारित है। टीज़र की शुरुआत में कोई पूछता है कि 18 नवंबर को रेजांग ला में क्या हुआ था। इसके बाद भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच की भीषण जंग दिखाई जाती है। गोलियों की बौछार के बीच फरहान अख्तर का एक डायलॉग सामने आता है, ये वर्दी सिर्फ हिम्मत ही नहीं, बलिदान भी मांगती है… मुझे आखिरी गोली, आखिरी कदम और अपने खून की आखिरी बूंद तक लड़ना पसंद है, लेकिन पीछे हटना नहीं।
फिल्म की कहानी भारतीय सेना के 120 बहादुर जवानों की है, जिन्होंने चीन के 3,000 सैनिकों का बहादुरी से मुकाबला किया था। संख्या में कम होने के बावजूद, हमारे सैनिकों ने चीनी सेना को मुंहतोड़ जवाब दिया था।
इस दिन रिलीज़ होगी फिल्म
फिल्म के टीज़र में जंग, जज्बे और सैनिकों के बलिदान को बखूबी दिखाया गया है। टीज़र रिलीज़ होने के बाद दर्शकों में फिल्म को लेकर काफी उत्सुकता बढ़ गई है। फरहान अख्तर ने खुद सोशल मीडिया पर टीज़र शेयर करते हुए लिखा कि यह फिल्म 21 नवंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म का निर्देशन रजनीश राजी घई ने किया है, और इसे एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया गया है।
Also Read: साउथ स्टार संतोष बलराज का 34 साल की उम्र में निधन

